
हिसार: हरियाणा के हिसार जिले में बालसमंद की अनाज मंडी में बीजेपी नेता और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट पर हिसार मार्केट कमिटी के सचिव की थप्पड़ों और चप्पलों से ताबड़तोड़ पिटाई करने का आरोप लगाया गया है जिसका एक विडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
इस विडियो में सोनाली फोगाट साफ़ तौर पर एक पुलिस की मौजूदगी में मार्किट कमिटी के सचिव सुलतान सिंह को मुंह, सिर और कमर में चप्पल और थप्पड़ से मारते और फटकार लगाते हुए दिखाई दे रही है. मार्केट कमिटी के सचिव सुलतान सिंह ने बताया है कि पिटाई की इस घटना से वह इतना अधिक आहत हैं कि उसके मन में नौकरी छोड़ने और सुसाइड करने का विचार आ रहा है. मामला संज्ञान में आने के बाद हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए है.
दरअसल, शुक्रवार को सोनाली फोगाट मंडी निरक्षण पर निकली थी. इसी दौरान किसानों की शिकायत पर सोनाली ने मंडी सचिव से सवाल जवाब करने शुरू कर दिए, जिसके मामला बिगड़ गया. सोनाली का आरोप है कि इस दौरान अधिकारी ने उनके साथ बदतमीजी की और अपशब्द कहे. वहीं अधिकारी का कहना है कि उन्होंने कोई अपशब्द नहीं कहा.
बता दें कि मार्केट कमेटी सचिव सुल्तान सिंह की शिकायत पर सोनाली फोगाट के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 149, 332, 353, 186 व 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है. वहीं सोनाली फोगाट की शिकायत पर सुल्तान सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 और 509 के तहत मामला दर्ज किया गया है. अब कर्मचारी मांग कर रहे हैं कि इस मामले में उनकी गिरफ्तारी की जाए.