
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं इस वायरस की वजह से दुनिया अपने इतिहास की सबसे बड़ी मंदी की तरफ बढ़ चुकी है। विश्व की आधी आबादी घरों में बंद है और अधिकांश बड़ी आर्थिक शक्तियों में औद्योगिक गतिविधियां एक के बाद एक ठप हो गई हैं। इस हालात के बीच एक अच्छी खबर आई है।
खबर है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय 17 मई को खत्म हो रहे लॉकडाउन के बाद विनिर्माण उद्योगों को फिर से शुरू कराने निर्णय लिया है। गृह मंत्रालय ने इसके लिए दिशा-निर्देश भी जारी किया है। बता दें कि देश में लॉकडाउन के कारण विनिर्माण उद्योगों पर रोक लगी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, गृह मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने विशाखापत्तनम घटना के मद्देनजर लॉकडाउन के बाद उद्योगों को फिर से खोलने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि उद्योग इकाइयों को फिर से शुरू करने के दौरान पहले सप्ताह को ट्रायल या परीक्षण अवधि के रूप में देखा जाए। इस दौरान सभी प्रकार के सुरक्षा और प्रोटोकॉल का पालन किया जाए। इसमें कहा गया है कि कंपनियों को लॉकडाउन के बाद पहले ही हफ्ते से अधिक उत्पादन के लक्ष्यों को हासिल करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
निर्देश में कहा गया है कि कारखानों को हर दो-तीन घंटे में साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी, खासकर सार्वजनिक स्थानों पर स्थित कारखानों को यह प्रबंधन करना होगा। इसमें कहा गया है कि श्रमिकों के आवास और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए साफ-सफाई की जानी चाहिए, जिससे वायरस से प्रसार पर रोक लगाई जा सके।
गौरतलब है कि देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने 17 मई तक लॉकडाउन लागू किया है। माना जा रहा है कि लॉकडाउन के समाप्त होने के बाद कुछ उद्योगों को फिर से खोला जाएगा, ताकि गिर रही अर्थव्यवस्था को संभाला जा सके।