प्लेन में यात्रा कर रहे थे अरविंद केजरीवाल, यात्री बोला- लोकसभा चुनाव में फिर खिलेगा कमल, देखें VIDEO

आम आदमी पार्टी के बागी नेता और दिल्ली के विधायक कपिल मिश्रा ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करके दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। मिश्रा ने शनिवार को एक वीडियो ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि केजरीवाल का सच से सामना हो रहा है। जनता अब केजरीवाल के मुंह पर खुलकर सच बोल रही है कि इस बार लोकसभा चुनाव में वोट नरेंद्र मोदी को करेंगे।

दरअसल कपिल मिश्रा ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें अरविंद केजरीवाल प्लेन में सफर करते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनके नजदीक की सीट पर बैठे एक व्यक्ति केजरीवाल से कह रहा है कि इस बार लोकसभा चुनाव में कमल खिलेगा। वहीं केजरीवाल के साथ बैठा व्यक्ति कह रहा है कि कोई नहीं, दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक देखिए।

इस पर पहले व्यक्ति ने कहा कि दिल्ली में सभी मोहल्ला क्लीनिक बंद पड़े हैं। मैं मुख्यमंत्री जी से कह रहा हूं कि कोई भी मोहल्ला क्लीनिक चालू स्थिति में नहीं हैं। मिश्रा के सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करने के बाद इसपर लोगों ने तमाम तरह से अपनी प्रतिक्रिया जाहिर किया।

इसके बाद अरविंद केजरीवाल के साथ बैठा व्यक्ति कह रहा है कि कोई बात नहीं सबकी अपनी राय होती है। आपकी भी इस पर अपनी राय है। वीडियो में देखा जा सकता कि केजरीवाल उस व्यक्ति का कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। गौरतलब है कि कपिल मिश्रा दिल्ली की करावल नगर नगर से विधायक हैं। वह आम आदमी पार्टी की सरकार में जल संसाधन मंत्री थे लेकिन बाद में मिश्रा ने पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा दिया था जिसके बाद उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया था।