कर्नाटक के एक गांव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें एक बंदर की संवेदनशीलता देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों की मानें तो नरगुंड में यह लंगूर अक्सर शोक सभाओं में शामिल होते हुए नजर आता है। एक 80 वर्षीय बुजुर्ग देवेंद्रप्पा कम्मर की शोकसभा चल रही थी और इसी दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने लंगूर का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। ऑनलाइन शेयर किए जाने के बाद अब यह फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बुजुर्ग के निधन के बाद जब परिजन दुख में डूबे हुए रो रहे थे तभी लंगूर घर में आया और दुख की इस घड़ी में शामिल हुआ। लोगों के बीच से गुजरते हुए बंदर एक महिला के पास जाकर बैठ गया। बंदर ने यहां एक हाथ महिला के कंधे पर रखा जबकि दूसरा उसके सिर पर रखकर सांत्वना देने लगा। नीचे आप वायरल हो रहा वीडियो देख सकते हैं।
हालांकि यह कोई पहली बार नहीं है जब यह लंगूर किसी शोकसभा में शामिल हुआ हो। लोगों का कहना है कि नरगुंड में बीते महीनों के दौरान लंगूर कई शोकसभाओं में शामिल हो चुका है। गांव के लोगों का कहना है कि लोगों के रोने की आवाज सुनकर लंगूर घरों में पहुंच जाता है।
गांव में ही रहने वाले हल्लप्पा चिक्कमणि नाम के व्यक्ति ने बताया कि जब उनके पिता की मौत हुई थी तब भी यही लंगूर शोकसभा में आया था और गोद में बैठकर उनसे लिपट गया था। हल्लप्पा के रोना बंद करने के बाद ही लंगूर घर से वापस गया।