
शाजापुर: कोरोना काल में बढ़ते संकट के बीच जहां एक तरफ डोक्टर और स्वास्थ्यकर्मी निडर होकर लोगों कि सेवा करने में जुटे हैं, वहीँ दूसरी तरफ देश के अन्य शहरों से डोक्टरों की क्रूरता की खबरे लगातार सामने आ रहीं हैं. ऐसी ही एक घटना मध्यप्रदेश से सामने आई है.
दरअसल, एमपी के शाजापुर में एक बुजुर्ग इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे. लेकिन अस्पताल का बिल चुकाने में असमर्थ होने के कारण उन्हें बेड से बांध दिया गया. बताया जा रहा है कि अस्पताल में काम कर रहें कर्मचारियों ने बुजुर्ग के हाथ, पैर बेड से बांध दिए. वहीँ पीड़ित के परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि बुजुर्ग व्यक्ति को बंधक बना लिया गया था और घटना से तीन से चार दिन पहले उसे उचित भोजन नहीं दिया जा रहा था. जबकि अस्पताल प्रशासन ने आरोपों से इनकार किया है.
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, ‘प्रदेश के शाजापुर में एक अस्पताल में बुजुर्ग व्यक्ति से ऐसा अमानवीय, बर्बर व्यवहार. बेटी का आरोप है अस्पताल का बिल नहीं चुकाने पर पिता के हाथ-पैर रस्सियों से बांध बंधक बनाया.’
खबर सामने आते ही राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है. सीएम शिवराज ने ट्विटर कर लिखा कि, ‘शाजापुर के एक अस्पताल में वरिष्ठ नागरिक के साथ क्रूरतम व्यवहार का मामला संज्ञान में आया है. दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी.’