
लखनऊ : वैश्विक कोरोना वायरस महामारी के बढ़ते संक्रमण से निबटने को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ के काम की हर तरफ तारीफ हो रही है। देश और दुनिया ही नहीं, बल्कि भारत का सबसे बड़ा दुश्मन देश पाकिस्तान भी अब सीएम योगी आदित्यनाथ की शान में कसीदे गढ़ रहा है।
पाकिस्तान के चर्चित अखबार ‘द डॉन’ के संपादक फ़हद हुसैन कोरोनाकाल में सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा उठाए गए कदमों की तारीफ करते हुए उनके मुरीद हो गए हैं। पाकिस्तान ने भी मान लिया है कि कोरोना से जंग का योगी मॉडल हिट है।
फ़हद हुसैन ने ट्वीट कर यूपी की योगी आदित्यनाथ और पाकिस्तान की इमरान खान सरकार के कार्यों की तुलना की। इस दौरान उन्होंने योगी नेतृत्व को इमरान से बेहतर बता डाला है। दरअसल, उत्तर प्रदेश में अभी तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 10 से ऊपर हो चुकी है, जबकि पाकिस्तान में करीब 99 हजार लोग इस वैश्विक महामारी से संक्रमित हैं। वहीं, इस वायरस से पाकिस्तान में मरने वालों की संख्या 2 हजार से ऊपर है, जबकि उत्तर प्रदेश में अभी तक 275 लोगों की इससे जान गई है। उत्तर प्रदेश और पाकिस्तान की जनसंख्या, साक्षरता और प्रोफाइल एक ही है। उत्तर प्रदेश के मुकाबले पाकिस्तान कम घनत्व लेकिन ज्यादा जीडीपी वाला देश है।
चलिये अब आपको बताते हैं कि फ़हद हुसैन ने ट्विटर पर क्या लिखा ?
फहद ने अपने ट्वीट में लिखा कि उत्तर प्रदेश की जनसंख्या पाकिस्तान से कहीं ज्यादा है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की जनसंख्या जहां 208 मिलियन है, वहीं यूपी की 225 मिलियन, लेकिन पाकिस्तान के मुकाबले उत्तर प्रदेश में मौतों की दर काफी कम है। फ़हद ने अपने ट्वीट के साथ एक ग्राफ शेयर करते हुए लिखा है कि “ये ग्राफ ध्यान से देखिए ये कोरोना से पाकिस्तान और भारत के राज्य यूपी में होने वाली मौतों की तुलना है। यूपी ने कड़ाई से लॉक डाउन का पालन कराया, लेकिन पाकिस्तान में ये नहीं हो सका। नतीजा ये है कि यहां संक्रमण और मौतों की दर ज्यादा है, जबकि उत्तर प्रदेश में कम है।