पाकिस्तान : 8वीं के ड्रॉप-आउट पॉपकॉर्न बेचने वाले ने बनाया विमान, टीवी देखकर किया कारनामा

पाकिस्‍तान में पॉपकॉर्न बेचने वाले मुहम्मद फयाज इन दिनों सुर्खियों में हैं। उनके कारनामे ने दुनियाभर में लोगों का ध्‍यान खींचा है तो पाकिस्‍तानी एयरफोर्स भी इससे अछूता नहीं है। फयाज ने एक छोटा सा विमान बनाया है, जिसे वह अपने गांव में चारों तरफ उड़ा भी चुके हैं। हैरानी की बात यह है कि इसके लिए उन्‍होंने कोई प्रशिक्षण भी नहीं लिया। और तो और, आर्थिक तंगी से जूझते हुए उन्‍होंने अपना यह ‘सपना’ कैसे पूरा किया, यह भी बेहद दिलचस्‍प है।

फयाज (30)  करीब एक साल पहले प्रशासन की अनुमति के बगैर अपने इस विमान को गांव में उड़ा भी चुके हैं। हालांकि बाद में जब उन्होंने प्रशासन से इसकी अनुमति मांगी तो इस पर कोई जवाब नहीं मिला। उन्‍होंने संसाधनों की कमी से जूझते हुए और बिना किसी औपचारिक ट्रेनिंग के यह सफलता हासलि की, जिसने पाकिस्‍तान में कई लोगों का ध्‍यान खींचा है, जहां एक बड़ी तादाद शिक्षा और अवसर पाने से वंचित है।

पंजाब प्रांत के ताबुर गांव के रहने वाले फयाज के मुताबिक, उन्‍होंने नेशनल जियोग्राफिक चैनल के शो ‘एयर क्रैश इंवेस्टीगेशन’ से विमान के उपकरणों को बनाने के बारे में सीखा और इस पर अमल करते हुए एक छोटा सा विमान तैयार किया। शुरुआत में प्रशासन ने भले उनके इस काम को स्‍वीकार नहीं किया, पर अब एयर फोर्स उनके दावे को गंभीरता से ले रहा है। फयाज के मुताबिक, एयर फोर्स के प्रतिनिध‍ि कई बार उससे मिल चुके हैं और उसके काम को सराह चुके हैं।

फयाज के मुताबिक, वह बचपन से ही एयर फोर्स में भर्ती होना चाहते थे। लेकिन जब वह स्‍कूल में थे, तभी उनके पिता की मौत हो गई, जिसके बाद उन्‍होंने आठवीं क्‍लास में ही पढ़ाई छोड़ दी। घर में मां और पांच छोटे भाई-बहनों के लिए उन्‍होंने हर तरह के छोटे-बड़े काम किए। दिन में पॉपकॉर्न बेचा तो रात में सिक्‍योरिटी गार्ड की नौकरी भी की, ताकि कुछ पैसे बचा सकें। हालांकि इस बीच उनके सपनों ने दम नहीं तोड़ा। कई तरह की मुश्किलों का सामने करते हुए भी वह लगातार इस दिशा में प्रयासरत रहे। अपने सपनों को पूरा करने के लिए उन्‍होंने जमीन भी बेची और 50 हजार रुपये का लोन भी लिया, जिसे वह आज तक चुका रहे हैं।