पेड़ पर चढ़े शेर की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर को प्रधानमंंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर शेयर किया था। इस तस्वीर को सबसे पहले जूनागढ़ के उप वन संरक्षक डॉ. सुनील कुमार बेरवाल ने पोस्ट किया था। गुजरात के जूनागढ़ में गिरनार वन्यजीव अभयारण्य में वन बीट गार्ड दीपक ने यह दुर्लभ नजारा देखा और इसे क्लिक कर लिया।
सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फोटो को शेयर करते हुए लिखा- ‘गिर प्रजाति के शेर का राजसी अंदाज, प्यारी तस्वीर।’ फोटो में एशियाई प्रजाति का शेर लाल फूलों के एक पेड़ पर चढ़ा हुआ नजर आ रहा है।
Majestic Gir Lion….Lovely picture! https://t.co/jl5zdxW9PV
— Narendra Modi (@narendramodi) March 11, 2019
https://twitter.com/DCF_Junagadh/status/1104390486008180736
ऑनलाइन शेयर किए जाने के बाद गिर प्रजाति के शेर की दुर्लभ तस्वीर पर बड़ी संख्या में लोगों की प्रतिक्रियाएं आ चुकी हैं। डॉ. सुनील कुमार बेरवाल ने ट्वीट करते हुए फोटोग्राफर की भी तारीफ की है जिसने इस नजारे को कैमरे में कैद किया। उन्होंने लिखा, ‘दीपक जंगल को अपने तरीके से देखते हैं जैसा कि मैंने उनकी तस्वीरों से सीखा है। उनकी इस तस्वीर को देखकर सभी को अच्छा लगा।’
गुजरात में गिर का जंगल दुनिया में एशियाई शेर का अंतिम निवास स्थान है। वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर के अनुसार, लगभग 500 शेर गिर अभयारण्य के 850-वर्ग-मील क्षेत्र में रहते हैं।