कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल के वायनाड से नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के दौरान उनके साथ कांग्रेस महासचिव और पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। नामांकन दाखिल करने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने वायनाड की सड़कों पर शक्ति प्रदर्शन किया। इसके साथ ही उन्होंने अपने विरोधियों को संदेश देने के साथ सीपीएम के लिए खास बात कही
नामांकन दाखिल करने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें पता है कि सीपीएम अब उनके खिलाफ बोलेगी और हमले करेगी. लेकिन वो पूरे चुनाव अभियान के दौरान सीपीएम के खिलाफ कुछ भी नहीं बोलेंगे। नामांकन दाखिल करने से पहले कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी के यहां आने के बाद निश्चित तौर पर पार्टी कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में बेहतर प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि वो विपक्षी दल जो दो जगहों से चुनाव लड़ने पर निशाना साध रहे हैं उन्हें यह देखना चाहिए उन्होंने क्या किया था।
Rahul Gandhi in Wayanad: I understand that my brothers and sisters in CPM will now speak against me and attack me, but I am not going to say a word against the CPM in my entire campaign pic.twitter.com/IY8Mu10hYe
— ANI (@ANI) April 4, 2019
राहुल गांधी ने कहा कि वायनाड आने के पीछे खास वजह है। यहां से वो देश के सभी हिस्सों में रहने वालों को संदेश देना चाहते हैं कि भारत एक है। उनका दक्षिण भारत के लोगों को संदेश देने की कोशिश है कि किस तरह से मोदी जी और आरएसएस इन इलाकों में काम करते हुए यहां की संस्कृति को नष्ट करने में जुटे हुए हैं।
बता दें कि अमेठी के अलावा वायनाड से चुनाव लड़ने पर राहुल गांधी, बीजेपी और लेफ्ट दोनों के निशाने पर हैं। बीजेपी ने कहा था कि हार का खौफ एक बड़ी वजह है जिसके बाद राहुल गांधी ने वहां जाने का फैसला किया। अमेठी से बीजेपी उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में कांग्रेस और उनके अध्यक्ष मे अमेठी को छलने का काम किया है। उनके कंधे पर अब अहम जिम्मेदारी है जिसे वो निभाना चाहती हैं।
राहुल गांधी के वायनाड जाने पर सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा था कि ये तो पार्टी के खिलाफ सीधी लड़ाई है। कांग्रेस को इस तरह के फैसले से बचना चाहिए। इसके अलावा केरल के सीएम पी विजयन ने कहा था कि अब जब कांग्रेस अध्यक्ष ने यहां से चुनाव लड़ने का फैसला कर लिया है तो पार्टी पूरी तरह तैयार है और हम उन्हें हराने में कामयाब होंगे।