कांग्रेस के कार्यक्रम में बोले राहुल गांधी- I Love MODI, छात्रों ने भी लगाए ‘मोदी-मोदी’ के नारे

कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगे। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी अलग-अलग संस्थानों के छात्रों के साथ बात कर रहे थे। छात्रों ने उस समय ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाने शुरु कर दिए जब राहुल गांधी ने कहा कि उनके मन में किसी के लिए कोई नफरत नहीं है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी नहीं।

राहुल गांधी ने कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘मेरे मन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कोई नफरत नहीं है। उनके मन में मेरे लिए नफरत है।’ राहुल गांधी ने ये बात बोली ही थी कि मौके पर मौजूद छात्र मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। छात्रों को नारे लगाते देख राहुल गांधी बोले- ‘नो प्रॉब्लम’। इसके कुछ देर बाद राहुल गांधी बोले- ‘मैं सभी को प्यार करता हूं। उन्हें भी जो नफरत में अंधभक्त हो गए हैं।’

राहुल गांधी ने इस बारे में एक ट्वीट भी किया, जिसमें उन्होंने लिखा ‘नफरत करना कायरता है। मुझे इस बात की परवाह नहीं अगर पूरी दुनिया भी नफरत से भर जाए। मैं कायर नहीं हूं। मैं नफरत और गुस्से के पीछे नहीं छिपूंगा। मैं सभी प्राणियों से प्यार करता हूं। उन्हें भी जो अंधभक्त हो चुके हैं।’

राहुल गांधी ने छात्रों के बीच संबोधन के दौरान देश की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और नौकरी, नोटबंदी और हर साल कांग्रेस के गरीबों को 72 हजार रुपए देने की योजना (न्यूनतम आय योजना) पर बात की। छात्रों से राहुल गांधी का यह संवाद चुनाव प्रचार कार्यक्रम का हिस्सा था।