
रुद्रपुर: अक्सर विवादों से घिरे रहने वाले भाजपा के विधायक राजकुमार ठुकराल एक बार फिर से सुर्खियों में नज़र आए। इस बार उन्हें पब्लिक के बीच लॉकडाउन का उल्लंघन करते पाया गया।
बता दें कि रविवार की सुबह भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल ने अपने आवास पर राशन वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया था। लोगों तक इसकी सूचना पहुँचते ही उनके आवास के बहार भारी भीड़ दिखाई दी। इस दौरान उनके घर के बहार विधायक राजकुमार समेत करीब 100 लोग नियमों का उल्लंघन करते नज़र आए। यहीं नहीं किट न मिलने पर नाराज़ कई महिलाओं ने हंगामा भी खड़ा कर दिया। जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को शांत कराकर वापस अपने-अपने घरों को भेज दिया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि राशन वितरण के दौरान लॉकडाउन का उल्लंघन हुआ था जिसके बाद एसआई जयप्रकाश ने विधायक राजकुमार ठुकराल समेत 100 अन्य लोगों पर लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर केस दर्ज कराया है।