UP और MP में सड़क हादसा, 16 मजदूरों की मौत

कोरोना और लॉकडाउन के कारण पलायन कर रहे मजदूर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में बड़े सड़क हादसे का शिकार हो गए. मध्य प्रदेश के गुना में 60 से अधिक मजदूरों की बस का एक्सीडेंट हो गया. इस हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई है. वहीं, उत्तर प्रदेश में बस ने मजदूरों को कुचल दिया, जिसमें 6 की मौत हो गई है. मध्य प्रदेश के गुना के कैंट थाना इलाके के पास भीषण सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत और करीब 55 घायल हो गए. ये हादसा कंटेनर और यात्री बस की आमने-सामने की टक्कर से हुआ. सभी मज़दूर कंटेनर में सवार थे. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंच गए और घायलों को तुरंत ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया. सभी श्रमिक महाराष्ट्र से अपने घर उत्तर प्रदेश जा रहे थे. वहीं, यूपी के मुजफ्फरनगर में रोडवेज की बेकाबू बस ने प्रवासी मजदूरों को कुचल दिया है. इस हादसे में 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 4 मजदूर घायल हैं. ये मजदूर पैदल ही पंजाब से बिहार के गोपालगंज जा रहे थे. हादसा थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के मुजफ्फरनगर देवबंद सहारनपुर राजमार्ग टोल प्लाजा के पास हुआ. दोनों भीषण सड़क हादसे पर सीएम शिवराज सिंह चौहान और सीएम योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए , गंभीर रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है.