आरोग्य सेतु ऐप को हैकर्स ने क्रैक कर दिया है : राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा कि ये समय निंदा करने का नहीं है। जो लोग इस लॉकडाउन की वजह से जूझ रहे हैं उनकी मदद किए​ बिना हम लॉकडाउन को जारी नहीं रख सकते। मैं सरकार से अनुरोध करूंगा कि वो राज्य सरकारों को, जिलाधिकारी को अपने पार्टनर के तौर पर देखें और फैसले लेने को केंद्रीकृत न करें। कोरोना के खिलाफ लड़ाई को डी-सेंट्रलाइज करने की जरूरत है।

अगर सारे फैसले प्रधानमंत्री कार्यालय से ही होते रहे तो संकट खड़ा हो जाएगा। जिस हालात में हम अब हैं उससे हमें आगे निकलना है। लॉकडाउन हुआ ठीक है अब खोलने के लिए स्ट्रेटजी की जरूरत है, उसमें कांग्रेस पार्टी सहयोग करने को तैयार है। राहुल ने कहा कि लॉकडाउन के पहले कोरोना घातक बीमारी नहीं थी, लॉकडाउन के बाद ये लोगों के दिमाग में घातक बीमारी हो गई है। ये 1% लोगों के लिए घातक है।

अगर हम लॉकडाउन को हटाना चाहते हैं तो हमें डर के माहौल को मिटाना ही पड़ेगा। नहीं तो आप सब कुछ खोल दो कोई बाहर नहीं आने वाला। वहीँ राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से कहा है कि कि आरोग्य सेतु ऐप को हैकर्स ने क्रैक कर दिया है, ये लोग जानते हैं। मेरा मुख्य मुद्दा है कि उसका इंटरनल प्रोग्राम सबको खोल कर दिखा दीजिए। मेरा कहना है कि आप पारदर्शिता लाइए फिर आप ऐप चलाना चाहते हैं तो चला सकते हैं।