अब साड़ियों पर भारतीय सेना की शौर्य गाथा, शहीदों के परिवारों की मदद का अनूठा तरीका

14 फरवरी को कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हुए आतंकी हमले के बाद पूरा देश सहम गया था। इस आतंकी हमले में 40 से ज्यादा जवान शहीद हो गए थे। इस घटना के बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई थी साथ ही उनके परिवारों की चिंता हर किसी को सताने लगी थी। ऐसा नहीं है कि उन्हें सरकारी मदद नहीं मिल रही है। केंद्र सरकार के अलावा राज्य की सरकारें भी उन्हें मुआवजे दे रही हैं।

वहीं बड़ी संख्या में खेल जगत, मनोरंजन जगत, व्यापार जगत की शख्सियतों ने भी उनकी दिल खोल कर मदद करने की घोषणा की है। भारतीयों की फितरत है कि दुख की घड़ी में एकजुट होकर पीड़ितों की मदद को आगे आते रहे हैं इस बार भी ऐसा है और तमाम संस्थायें,व्यक्ति, व्यापारी, संगठन शहीद सीआरपीएफ जवानों के परिवार की मदद के लिए आगे आए हैं। इसी कड़ी में गुजरात के सूरत के एक साड़ी मिल की खबर सामने आ रही है। गुजरात के सरत में एक अन्नपूर्णा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड एक कपड़ों की फैक्ट्री (टेक्सटाइल मिल) है।

यहां कुछ अलग और यूनिक प्रकार की साड़ियां डिजाइन की जा रही हैं। टेक्सटाइल मिल में ऐसी साड़ियां डिजाइन की जा रही हैं जिनपर इंडियन आर्मी के शौर्य गाथा का पूरा चित्रण दिया गया है। इसके माध्यम से कश्मीर के पुलवामा में शहीद सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि दी गई है। मिल के डायरेक्टर ने कहा कि इन साड़ियों से होने वाले फायदे को हम शहीद जवानों के परिवार को सौंप देंगे।