ड्यूटी पर जाने से रोकती बच्ची का वीडियो वायरल, पिता बोले- शायद अब पुलिस को सम्मान मिलेगा

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक छोटी बच्ची अपने पुलिस कांस्टेबल पिता को ड्यूटी पर जाने से रोक रही है। बेटी का यह वीडियो दिल को छूने वाला है।आईजीपी भुवनेश्वर अरुण बोथरा द्वारा ट्विटर पर साझा किए गए 1 मिनट 24 सेकेंड के वीडियो को 32 हजार से ज्यादा बार लाइक्स के अलावा 3 लाख 19 हजार से अधिक बार इंटरनेट पर देखा गया है।

वीडियो में छोटी बच्ची ने रो-रोकर अपना बुरा हाल कर लिया है। रोती हई बच्ची पिता के पैर पर चढ़कर उसे काम पर जाने से रोकने की कोशिश कर रही है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक अरुण बोथरा ने कहा, ‘ जब मैंने वीडियो को व्हाट्सएप ग्रुप पर देखा तो इसने मेरे दिल को छू लिया। ‘ इसके साथ ही बोथरा ने वीडियो के साथ ट्वीट करते हुए लिखा, ‘यह पुलिस की नौकरी का सबसे कठिन हिस्सा है।’

https://twitter.com/arunbothra/status/1122326391620427777

रिपोर्ट के मुताबिक वीडियो में शामिल पुलिस कांस्टेबल मुकेश कुमार (31 साल) ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वीडियो पुलिस अधिकारियों के प्रति जनता की धारणा को बदल देगा। उन्होंने इसके साथ यह भी कहा कि एक पुलिसकर्मी के रूप में चुनाव ड्यूटी में जाने से कोई समस्या नहीं है लेकिन यह तब दर्द होता है जब लोग पुलिसकर्मियों के लिए अपमानजनक भाषा का उपयोग करते हैं।

वीडियो मुकेश की पत्नी पूजा सोनी द्वारा बनाया गया था। मुकेश ने कहा कि जब वह शुक्रवार सुबह ड्यूटी के लिए जा रहा था तो उसी समय उनकी बेटी फलक ने जोर देकर कहा कि मैं घर पर ही रहूं। मेरी पत्नी ने उसे मनाने के सभी प्रयास किए लेकिन वह मुझे छोड़ने को तैयार नहीं थी। फिर मेरी पत्नी ने उस पल को फोन पर कैद कर लिया। जब मेरे दोस्तों ने वीडियो देखा तो उन्होंने मुझे इसे शेयर करने को कहा और बाद में यह व्हाट्सएप ग्रुप और फेसबुक पर वायरल हो गया।