लोकसभा चुनाव सिर पर हैं और नेताओं के बयान और टिप्पणियों में तल्खी आती जा रही है और वो वोटर्स को लुभाने के लिए हर कदम उठा रहे हैं। रामपुर संसदीय सीट से उम्मीदवार आजम खान ने एक चुनावी सभा में चुनाव आयोग को लेकर ही बयान दे डाला साथ ही आजम खान ने कहा कि ‘मोदी की फौज’ वाला बयान जो यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिया था उसपर चुनाव आयोग ने कुछ नहीं किया।
आजम खान ने आगे जाते हुए कहा कि राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के खिलाफ भी चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की वहीं,जब मैंने कहा था कि हम अपनी सीमाओं की रक्षा के लिए अपने खून की आखिरी बूंद बहा देंगे, तो ईसी ने मेरी बोलती बंद करा दी थी।
Azam Khan,SP: Yogi ji said 'Modi ki fauj hai', Mukhtar Abbas Naqvi also said the same thing, EC did nothing,no action against Kalyan Singh either, but when I had said we will shed last drop of our blood to protect our borders,EC cut off my tongue. What justice is this? (5.4.19) pic.twitter.com/MAxL4zmcuv
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) April 6, 2019
गौरतलब है कि आजम खान विवादित बयान देते रहे हैं और वो पहले भी अपने तीखे तंज के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में समाजवादी पार्टी नेता आजम खान ने कहा था कि अगर मैं भारत का प्रधानमंत्री होता तो पुलवामा में आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान पर हमला कर चुका होता। उन्होंने कहा था, ‘अगर मैं भारत का प्रधानमंत्री होता, तो आत्मघाती बम विस्फोट के बाद हमले के आदेश देने में (पाकिस्तान पर) इसके संभावित परिणामों की परवाह किए बिना 40 सेकेंड भी इंतजार नहीं करता।’
आजम ने कहा, ‘मुझे पता चला कि वायुसेना के हमले में 400 लोग पड़ोसी मुल्क में मारे गए, लेकिन किसी का जनाजा नहीं दिखा। यह बात मैं अपने देश से नहीं, पड़ोसी मुल्क से पूछ रहा हूं।’
इससे पहले आजम खान ने कहा था, ‘पहली बार ऐसा हुआ है कि सर्जिकल स्ट्राइक के नाम पर वोट मांगा जा रहा है। यानि कि फौजियों की जिंदगी पर वोट गिने जा रहे हैं और बक्से भरे जा रहे हैं। ये पहली बार हो रहा है कि सरहदों का भी सौदा हो गया। वर्दी, सिर और खून का सौदा हो गया। इन पर सरकारें नहीं बननी चाहिए।’
आजम खान समाजवादी पार्टी के टिकट पर उत्तर प्रदेश में रामपुर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में 11 अप्रैल से 19 मई तक सात चरणों में मतदान होना है। मतों की गिनती 23 मई को होगी।