लोकसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण के तहत आज (गुरुवार, 18 अप्रैल) वोट डाले जा रहे हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में लोग मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। वोटिंग को लेकर उनमें जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर गूगल के सीईओ सुंदर पिचई की एक तस्वीर वायरल हो रही है। जिसे शेयर करते हुए कई इंटरनेट यूजर्स ने कहा है कि उन्होंने तमिलनाडु में वोट डाला।
सोशल मीडिया पर इस तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। हालांकि इसका सच इससे बिल्कुल अलग है। सच यह है कि पिचई ने इस चुनाव में कोई वोट नहीं डाला। उनकी जो तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, वह उनके 2017 के भारत दौरे की है, जब वह पश्चिम बंगाल में खड़गपुर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IITK) पहुंचे थे। उन्होंने यहां से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और करीब दो दशकों बाद वह यहां पहुंचे थे।

तमिलनाडु में पले-पढ़े पिचई की जो तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, उसे उन्होंने खुद अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया था। उन्होंने अपने भारत दौरे से संबंधित कई तस्वीरें अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर की थीं। सोशल मीडिया पर गुरुवार को वायरल हो रही उनकी तस्वीर इन्हीं में से एक है। यहां स्टूडेंट्स ने उनका जोरदार स्वागत किया था।
उल्लेखनीय है कि पिचई का संबंध भले ही तमिलनाडु से है और वह यहां पले-बढ़े और यहीं शिक्षा भी पाई, पर फिलहाल वह अमेरिका के नागरिक हैं और इसलिए भारतीय मतदान प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले सकते। यह भी गौर करने वाली बात है कि लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए गूगल ने आज दूसरे चरण के मतदान के दौरान भी डूडल बनाया है। इससे पहले 11 अप्रैल को जब देश में लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान हुआ था, तब भी गूगल ने डूडल बनाकर मतदाताओं को वोट डालने के लिए प्रेरित किया था।
Also got to visit my alma mater (and old dorm room!) for the first time in 23 years. Thanks to everyone @IITKgp for the warm welcome! pic.twitter.com/OUn7mlKGI7
— Sundar Pichai (@sundarpichai) January 7, 2017