धानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को प्रयागराज पहुंचे जहां उन्होंने पवित्र संगम में डुबकी लगाकर पूजा पूजा-अर्चना की और फिर दुग्धाभिषेक किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने स्वच्छता कर्मियों के पैर भी धोए। प्रधानमंत्री का यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने जिन लोगों के पांव धोए उनमें से ज्योति भी एक है। प्रधानमंत्री के हाथों पांव पखारे जाने के बाद से ही ज्योति अभिभूत है।
छत्तीसगढ़ के कोरबा की रहने वाली ज्योति ने पीटीआई से बात करते हुए बताया, ‘पीएम के हाथों इतना बड़ा सम्मान (पांव पखारा जाना) पाकर मैं अभिभूत हैं और उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनका प्रधानमंत्री ऐसे सम्मानित करेंगे। हमारा इतना सम्मान होगा, हम इतना गर्व महसूस करेंगे, कभी नहीं सोचा था। मैं इस मेले के लिए चार-पांच महीने से यहां काम कर रही हूं।’
वहीं प्रधानमंत्री से सम्मानित होने वाले होरी लाल ने कहा, कभी नहीं सोचा था कि प्रधानमंत्री हमारे चरण धुलेंगे। प्रधानमंत्री ने हमारे काम की सराहना करते हुए कहा कि आपने अच्छा काम किया, मेला अच्छा हुआ, कहीं गंदगी नहीं मिली।’ बांदा के नरेश कुमार ने कहा, ‘हमने कभी नहीं सोचा था कि जीवन में ऐसा होगा। हम गंगा माई को इसके लिए धन्यवाद देते हैं।’
#WATCH: Prime Minister Narendra Modi washes feet of sanitation workers in Prayagraj pic.twitter.com/otTUJpqynU
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) February 24, 2019
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच सफाईकर्मियों (दो महिला और तीन पुरुष) के चरण धोकर कर उन्हें अंगवस्त्र भेंट किया और कुम्भ मेले में बेहतर साफ सफाई के लिए उनकी सराहना की।
इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने सफाई कर्मियों की तारीफ करते हुए कहा, ‘कर्मयोगियों में प्रयागराज के लोग भी शामिल हैं, नाविक भी शामिल हैं। स्वच्छाग्रही भी शामिल हैं। इन्होंने अपने प्रयासों से कुंभ के विशाल क्षेत्र में साफ-सफाई को पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना दिया। आज मेरे लिए भी ऐसा ही पल है जो भुलाया नहीं जा सकता। आज जिन सफाईकर्मी भाइयों-बहनों के चरण धुलकर मैंने वंदना की है वह पल मेरे साथ जीवनभर रहेगा। जिस जगह पर बीते हफ्ते में 20-22 करोड़ से ज्यादा लोग जुटे हों, वहां पर व्यवस्था करना बड़ा मुश्किल था। लेकिन आप सभी ने साबित कर दिया है कि दुनिया में नामुमकिन कुछ भी नहीं है।’