
नई दिल्ली: लॉकडाउन के चौथे चरण के बाद अब देश-भर में अनलॉक 1 फेज़ 2 की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. 24 मार्च को जब लॉकडाउन की शुरुआत हुई थी, तभी से ही देश-भर में धार्मिक स्थल व रेस्टोरेंट बंद थे. अब केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार सोमवार यानी 8 जून से इन्हें खोल दिया गया है.
इसको लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को ही रेस्टोरेंट व धार्मिक स्थल को खोलने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिग प्रोसीजर भी जारी कर दिया था. व्यंजन रेस्टोरेंट के मैनेजर प्रेम कुमार ने बताया कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को रेस्टोरेंट में ना आने की सलाह दी जा रही है.. रेस्टोरेंट में ग्राहक के जाने के बाद कुर्सियों को सेनिटाइज किया जाएगा। सभी स्टाफ को ग्लव्स और मॉस्क पहने का निर्देश दिया गया है.
इसी बीच सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा अर्चना की. बता दें कि योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर के गोरक्षपीठाधीश्वर भी हैं. इसी बीच दिल्ली के झंडेवाला मंदिर के दरवाज़े भी खोल दिए गए. जिसके बाद गेट पर श्रधालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. वहीँ उत्तर प्रदेश के चामुंडा देवी मंदिर में भी श्रद्धालु की भीड़ देखने को मिली.
करीब दो महीने बाद धार्मिक स्थलों के खुलने पर सोमवार सुबह ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. दिल्ली से लेकर यूपी तक मंदिर, गुरुद्वारों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं. इसके बीच अच्छी बात ये रही कि दर्शन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइज़र जैसे नियमों का पूर्ण रूप से पालन किया गया. धार्मिक स्थलों में प्रवेश के लिए सरकार द्वारा कुछ नियम बनाए गए थे जैसे, एक-दूसरे से 6 फीट की दूरी, मास्क का उपयोग, प्रवेश से पूर्व सैनिटाइज़र का इस्तेमाल, फ़ोन में इनस्टॉल आरोग्य सेतु ऐप, साबुन से हाथ धोने का इंतजाम, वहीँ जूते-चप्पलों को गाड़ी में ही उतारने होंगे, प्रार्थना/इबादत के लिए घर से चटाई लानी होगी, मूर्ति-किताब छूने पर सख्त मनाही होगी, और प्रसाद भी नहीं मिलेगा, भजन-कीर्तन का सामूहिक कार्यक्रम नहीं होगा.
वहीँ उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने अनलॉक1 के दूसरे फेज़ में मिलने वाली छूट को लेकर शनिवार को गाइडलाइन जारी की थी. इसके मुताबिक, धार्मिक स्थल प्रबंधन हर जगह पर स्थानीय प्रशासन से सम्पर्क कर सभी निर्देशों का पालन करेंगे. वहां पर हर गेट पर अल्कोहल युक्त सेनिटाइजर और थर्मल स्कैनर रखना अनिवार्य होगा। इस दौरान जिनमें लक्षण नहीं पाया जाएगा, उसी को प्रवेश मिलेगा। यहां पर साथ ही सभी को मास्क पहनना अनिवार्य होगा।