कैबिनेट बैठक : UP सरकार ने बढ़ाए डीजल और पेट्रोल के दाम, शराब भी हुई महंगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई कैबिनेट बैठक हुई। कैबिनेट बैठक में जहां एक तरफ कोरोना वारियर्स के सुरक्षा संबंधी उत्तर प्रदेश लोकस्वास्थ्य एवं महामारी रोग नियंत्रण अध्यादेश 2020 को मंजूरी दी गई तो वहीं दूसरी ओर कोविड 19 के कारण जारी लॉकडाउन से पटरी से उतरी अर्थव्यवस्था में फिर से जान फूंकने के लिए यूपी कैबिनेट ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए।

कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि लॉकडाउन के कारण हमारा टैक्स कलेक्शन बहुत गिरा है। हमारी आर्थिक स्थिति इस महीने कमजोर रही है। इसे ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है। हमारे लिए संसाधन जुटाना अति आवश्यक था।

नए महामारी रोग नियंत्रण अध्यादेश के तहत अब डॉक्टर्स, स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस कर्मियों और स्वच्छता कर्मियों के साथ ही शासन की तरफ से तैनात किसी भी कोरोना वारियर्स से की गई अभद्रता या हमले पर छह माह से लेकर सात साल तक की सजा का प्रावधान और पचास हजार से लेकर 5 लाख तक का जुर्माना हो सकता है।

इस नए अध्यादेश के अनुसार मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में राज्य महामारी नियंत्रण प्राधिकरण बनेगा, जिसमें मुख्य सचिव सहित सात अन्य अधिकारी सदस्य होंगे। दूसरा तीन सदस्यीय जिला महामारी नियंत्रण प्राधिकरण होगा, जिसका अध्यक्ष डीएम होगा।

कोरोना महामारी को देखते हुए क्वारैंटाइन का उल्लंघन करने पर एक से तीन साल की सजा और जुर्माना दस हजार से एक लाख तक का होगा। अस्पताल से भागने वालों के खिलाफ एक वर्ष से तीन वर्ष सजा और जुर्माना दस हजार एक लाख तक होगा।

वहीँ योगी सरकार ने वैट बढ़ाते हुए पेट्रोल की कीमत में दो रुपए प्रति लीटर और डीजल का दाम एक रुपए प्रति लीटर बढ़ाया है। यह नई दरें बुधवार रात 12 बजे से लागू होगी। राज्य में 470 करोड़ लीटर पेट्रोल व 1130 करोड़ लीटर डीजल की खपत हो रही है। बताया जा रहा है, दाम में वृद्धि होने से 2,070 करोड़ रुपए का राजस्व सरकार को प्राप्त होगा।

इसके अलावा आयातित शराब में 100-180ML तक 100 रुपए, 180-500ML तक 200 रुपए और 500ML से अधिक पर 400 रुपए की वृद्धि की गई है। देशी शराब पर 5 रुपये की वृद्धि हुई है यानी जो 65 रुपये में मिलती ​थी वो अब 70 रुपये में​ मिलेगी, 75 रुपये वाली 80 में मिलेगी। विदेशी शराब पर 180ML तक 10 रुपये, 180 ML- 500 ML तक 20 रुपये और 500 ML से ज्यादा पर 30 रुपये की वृद्धि की गई है। बताया जा रहा है कि शराब पर बढ़े दाम से 2,350 करोड़ का राजस्व उत्तर प्रदेश सरकार को मिलेगा।

वहीँ सीएम योगी गुरुवार को ‘आयुष कवच ऐप’ जारी करेंगे। इस ऐप से रोग प्रतिरोधक क्षमता की वृद्धि होगी। आयुर्वेद और योग को अपनाकर बीमारी से बचाव के उपाय इसमें दिए गए हैं। इसे ‘आरोग्य सेतु’ के साथ लिंक किया जाएगा ताकि दोनों को एक साथ डाउनलोड किया जा सके।