
लखनऊ : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित की गई परीक्षा को करीब डेढ़ साल हो चुके हैं. लम्बे समय के अंतराल के बाद भी आयोग परीक्षा का रिजल्ट जारी नहीं कर सका. बता दें कि 2059 पदों पर होने वाली भर्ती के लिए करीब डेढ़ लाख लोगों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था। जिसके बाद से उम्मीदवार लगातार रिजल्ट्स का इंतज़ार कर रहे हैं.
दरअसलन UPSSSC द्वारा जुलाई 2018 में एग्रीकल्चर सर्विस टेक्निकल असिस्टेंट क्लास 3 भर्ती एग्जाम (AG TA) का विज्ञापन निकाला गया था जिसकी परीक्षाएं पिछले साल 19 फरवरी को हुई थी. करीब 16 महीने बाद भी रिजल्ट घोषित ना करने पर नाराज़ छात्रों ने रिजल्ट जारी करने की मांग करते हुए डिजिटल आंदोलन कि शुरुआत की. उन्होंने गुरूवार को ट्विटर पर हैशटैग #UPSSSC_AG_TA_RESULT_DO की पहेल की, जो ट्विटर पर काफी ट्रेंड करने लगा.
उनके इस ट्वीट के बाद से ही यह मुद्दा देश के टॉप 5 और उत्तर प्रदेश में टॉप 3 बड़े मुद्दों में ट्रेंड करने लगा. बता दें कि इससे पहले भी 1 जून को उम्मीदवारों ने आयोग के ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया था. फ़िलहाल उम्मीदवारों ने आयोग के अध्यक्ष से लेकर सीएम योगी तक से जल्द से जल्द रिजल्ट जारी करवाने का अनुरोध किया है. छात्रों के एक समूह ने बताया कि मई माह में उत्तर प्रदेश में भी टिड्डी का हमला हुआ था. केंद्र सरकार द्वारा जुलाई माह में फिर से टिड्डी के हमले का अलर्ट घोषित किया गया है. यदि टिड्डी हमला हुआ तो खाली पड़ा कृषि विभाग कैसे टिड्डी दल को नियंत्रित कर पाएगा अत: योगी सरकार जल्द इस भर्ती का रिजल्ट देकर हमें नियुक्ति दे, ताकि टिड्डी दल नियंत्रण में कोई बाधा ना आए
एक उम्मीदवार ने ट्वीट कर लिखा कि ”माननीय मुख्यमंत्री जी आप कृषि की बात करते हैं लेकिन आप जब तक कृषि छात्रों पर ध्यान नहीं देंगे यह संभव नहीं होगा. 16 माह के बाद भी UPSSSC #UPSSSC_AG_TA_RESULT_DO अभी तक जारी नही हुआ. कृपया रिजल्ट जारी कराने का कष्ट करें. हमारी मजबूरियों को समझें, हम कृषि छात्र बहुत आहत हैं.”
बता दें कि यूपी के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने परीक्षा के करीब 1 साल बाद यानी 17 फरवरी 2020 को आयोग के अध्यक्ष से फोन पर बात कर उन्हें जल्द से जल्द रिजल्ट जारी करने का निर्देश दिया था. कृषि मंत्री ने इस बात की जानकारी ट्वीट कर दी थी, लेकिन फरवरी के बाद अब जून आ गया और अब तक आयोग ने परीक्षा का रिजल्ट जारी नहीं किया.