हाई स्कूल के छात्र इस बात से सहमत होंगे कि निबंध (प्रस्ताव) लेखन में ज्यादा अंक प्राप्त करना कभी आसान नहीं रहा है। निबंध (प्रस्ताव) लेखन एक ऐसा विषय है जहां छात्र सीमित समय और शब्दों की गिनती के अनुसार ज्यादा से ज्यादा जानकारी फिट करने का प्रयास करते हैं। हालांकि, ऐसा प्रतीत होता है कि एक छात्र इस बात से बिल्कुल इत्तेफाक नहीं रखता। अमेरिका में जैक्सन-क्लार्क्सविले की रहने वाली एलिसन गैरेट ने एक ऐसा निबंध लिखा है जो 21वीं सदी के युग में कोई छात्र शायद ही सोच सकता है।
एलिसन ने सिर्फ 19 शब्दों का एक निबंध लिखा जिसके लिए उनके टीचर ने उन्हें 100/100 अंक दिए। जहां छात्र सैंकड़ों शब्दों का निबंध लिखकर भी अच्छे अंक नहीं हासिल कर पाते। वहीं, एलिसन ने मात्र 19 शब्दों का ऐसा निबंध लिखा की उनकी टीचर को 100/100 अंक देने के लिए मजबूर होना पड़ा।
एलिसन गैरेट ने अपने 19 शब्दों के निबंध में ब्रैड पिट और एडवर्ड नॉर्टन अभिनीत 90 के दशक की फिल्म ‘फाइट क्लब’ का एक मशहूर डायलॉग लिखा। जो कुछ इस प्रकार था, ‘फाइट क्लब का पहला नियम है: आप फाइट क्लब के बारे में बात नहीं करते हैं’। एलिसन ने पृष्ठ के निचले भाग में एक और छोटा संदेश लिखा, ‘बस, यही मेरा निबंध है’।
the assignment description for essay 5 was to write a review on a movie that we had seen. the opportunity arose, and i took my chances.. pic.twitter.com/1l1rMS2zg3
— alli (@alligarrett10) April 28, 2019
एलिसन को अपने टीचर द्वारा 100/100 अंक मिलने से उसके साथी और अन्य टीचर काफी हैरान थे। टीचर ने एलिसन को एक रिव्यू नोट भी दिया जिसमें लिखा था कि, ‘मैंने इस ग्रेड को पाने के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया। मैंने आखिरकार ये फैसला किया कि आपको ये ग्रेड जरूर मिले। निबंध देखकर हंसी आती है और इस विशेष फिल्म के लिए आपकी समीक्षा कितनी प्रासंगिक है’।
हालांकि, टीचर ने अपने फीडबैक में एलिसन को चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि, ‘ मैं आपको बताना चाहती हूं कि आप ऐसी हरकत दूसरे टीचर्स के साथ ना करना, हो सकता है कि उनके पास मेरे जैसा सेन्स ऑफ ह्यूमर ना हो’। अपने टीचर से प्रशंसा पाकर एलिसन ने अपनी खुशी जाहिर करने के लिए ट्विटर का सहारा लिया। उसने ट्विटर पर अपने निबंध की तस्वीर के साथ टीचर का रिव्यू भी शेयर किया। एलिसन का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।