जीडी बख्‍शी पर ट्वीट को लेकर फंसी विस्‍तारा एयरलाइंस, सोशल मीडिया पर फजीहत के बाद जारी किया बयान

विस्‍तारा एयरलाइंस ने भारतीय सेना के मेजर जनरल (रिटायर्ड) जीडी बख्‍शी को लेकर एक ट्वीट किया था, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उसकी कड़ी आलोचना की। इसके बाद उसने इसे डिलीट कर दिया, जिस पर भी इंटरनेट यूजर्स ने विस्‍तारा को आड़े हाथों लिया। इन सबके बाद एयरलाइंस ने अपनी स्थिति स्‍पष्‍ट करते हुए बयान जारी किया है।

दअरअसल, एयरलाइंस ने केबिन क्रू के साथ जीडी बख्‍शी की एक तस्‍वीर पोस्‍ट करते हुए लिखा था कि उनके विमान में होने से वे ‘सम्‍मानित’ महसूस कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इसकी आलोचना की, जिसके बाद इसे डिलीट कर दिया गया। विस्‍तारा एयरलाइंस का यह कदम भी सोशल मीडिया पर यूजर्स को नाग‍वार गुजरा, जिन्‍होंने आरोप लगाया कि वे देश के लिए सेवा देने वाले सैनिकों को सम्मान देना नहीं जानती। विस्‍तारा एयरलाइंस के इस कदम की आलोचना करते हुए कई यूजर्स ने लिखा कि वे अब इससे यात्रा नहीं करेंगे।

https://twitter.com/Mr_Noblebanter/status/1119947645252800513

इन सबके बीच विस्‍तारा ने बयान जारी कर कहा है कि वह अपने क्रू मेम्‍बर्स के साथ यात्रियों के खुशनुमा पल को दर्शाने वाली तस्‍वीरें अक्‍सर साझा करती रहती है। लेकिन इस पोस्‍ट को लेकर कई ऐसे कमेंट आए हैं, जो सभी पक्षों के लिए अनुचित हैं। इस पोस्‍ट को डिलीट करने का फैसला भी इसलिए लिया गया, क्‍योंकि एयरलाइंस अपने प्लेटफॉर्म को ऐसे अनुचित या किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले मंच के तौर पर इस्‍तेमाल नहीं होने देना चाहता।

https://twitter.com/TajinderBagga/status/1119944802512932864

यहां उल्‍लेखनीय है कि जनरल बख्‍शी टेलीविजन पर राष्‍ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर अपनी राय रखते रहते हैं। वह फायरब्रांड स्‍टाइल में अपनी बात रखने के लिए जाने जाते हैं, जिन्‍हें सोशल मीडिया पर दक्षिणपंथी रूझान रखने वाले लोग खूब पसंद करते हैं। यही वजह है कि विस्‍तारा ने जब उनसे जुड़ा पोस्‍ट डिलीट कर दिया तो यह लोगों को नागवार गुजरा।