चुनाव आयोग ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि मतदाताओं को जागरूक करने के अभियान के तहत आयोग और रेलवे ने लंबी दूरी की चार ट्रेनों का उपयोग वोटरों को प्रेरित करने वाले संदेश फैलाने में करने का फैसला किया है।इन ट्रेनों पर मतदाता सहायता नंबर और राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल का पता सहित अहम संपर्क नंबर प्रदर्शित होंगे।
इसके अलावा वोटरों से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का अनुरोध करते हुए प्रेरक संदेश भी होंगे। चुनाव आयोग और रेलवे लंबी दूरी की चार ट्रेनों के जरिए मतदाताओं को जागरूक करेंगे,ये चार ट्रेनें हैं-केरल एक्सप्रेस, हिमसागर एक्सप्रेस, हावड़ा एक्सप्रेस और गुवाहाटी एक्सप्रेस।
मतदाता जागरूकता के पोस्टर लगे केरल एक्सप्रेस को शुक्रवार को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाई गई। आने वाले दिनों में तीन और ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी।
इससे पहले निर्वाचन आयोग ने मीडिया के लिये जारी परामर्श में कहा था कि 19 मई को लोकसभा चुनावों के अंतिम चरण का मतदान पूरा होने के बाद ही एग्जिट पोल का प्रसारण किया जा सकता है। सात चरणों में होने वाला लोकसभा चुनाव 11 अप्रैल को शुरू होगा और 19 मई को खत्म होगा। मीडिया को जारी इस परामर्श में पहली बार वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को भी शामिल किया गया है।
आयोग ने कहा कि टीवी, रेडियो चैनल, केबल नेटवर्क, वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रत्येक चरण में मतदान खत्म होने से 48 घंटे पहले की अवधि में उनके द्वारा प्रसारित/प्रदर्शित कार्यक्रम की सामग्री में ‘प्रतिभागियों के नजरिये और अपील समेत ऐसी कोई बात न हो जिसे किसी खास पार्टी या उम्मीदवार के लिये संभावनाओं या पूर्वाग्रहों को बढ़ावा देने वाला माना जा सकता है।’