यकीन करें या ना करें, मुंह में विस्फोट होने से महिला की मौत

एक हैरान कर देने वाली घटना में इलाज के दौरान एक महिला की मौत उसके मुंह में विस्फोट होने से हो गई। महिला को बुधवार शाम को कथित तौर पर जहर खाने के बाद जेएन मेडिकल कॉलेज लाया गया था। जैसे ही डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया और उसके मुंह में सक्शन पाइप डाला गया तो विस्फोट हो गया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई।

आईएएनएस की खबर के मुताबिक डॉक्टरों के एक टीम ने कहा कि महिला ने संभवत: सल्फयूरिक एसिड का सेवन किया होगा जिसके सक्शन पाइप के जरिए ऑक्सीजन के संपर्क में आने से विस्फोट हो गया। अस्पताल के प्रवक्ता ने कहा कि इस बारे में गहन अध्ययन के बाद ही वास्तविक कारण का पता चल पाएगा। बता दें इस तरह का यह पहला मामले सामने आया है जिसमें किसी महिला की इलाज के दौरान मुंह में विस्फोट होने के कारण मौत हो गई है।
जेएन मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) एसएस जैदी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि महिला की पहचान शीला देवी के रूप में हुई है। इस घटना की पुष्टि करते हुए जैदी ने कहा कि मरीज को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया था। उन्होंने कहा, ‘उसके मुंह में कुछ विस्फोट हुआ और धुएं के साथ लपटें निकलीं, जबकि मेडिकोस की टीम उसके पेट से जहर निकालने की कोशिश कर रही थी।’

जैदी ने कहा, ‘एक संभावना यह हो सकती है कि उसने कथित तौर पर सल्फॉस टैबलेट (एल्युमिनियम फास्फेट) का सेवन किया हो जो एल्युमिनियम ऑक्साइड और अन्य गैसों के अलावा फॉस्फीन गैस छोड़ती है।’ उन्होंने कहा कि गैस्ट्रिक एसिड के संपर्क में आने पर विस्फोट हुआ हो। बता दें कि फॉस्फीन गैस अत्यधिक ज्वलनशील होती है।