चुनाव आते ही नेता जनता के बीच वोटों के लिए चक्कर लगाना शुरू कर देते हैं। इस दौरान वह जनता से तमाम तरह के वादे भी करते हैं तो वहीं कई बार उन्हें जनता के आक्रोश का सामना भी करना पड़ता है। कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में, जहां दौरे पर गए एक मंत्री को जनता के गुस्से का सामना करना पड़ा।
गुजरात सरकार में जल आपूर्ति मंत्री कुंवरजी बावलिया भाजपा प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार करने कनेसारा गांव गए थे। इस दौरान वहां पानी की समस्या को लेकर गांव की महिलाओं ने मंत्री के सामने प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना था कि आधे गांव में पानी की सपलाई नहीं हो रही है। इस पर मंत्री जी नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने कहा कि बीते चुनाव में केवल 55 फीसदी गांववालों ने मुझे वोट दिया था।
https://twitter.com/ANI/status/1117706849002958849
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मंत्री ने कहा कि मेरे पास पूरा जल संसाधन मंत्रालय है। मैं सरकार में हूं और अगर जरूरत पड़ी तो गांव में पानी की सप्लाई के लिए करोड़ों रूपए जारी कर सकता हूं। इस दौरान बावलिया ने कहा कि पिछले चुनाव में मेरे निवेदन के बावजूद मुझे केवल 55 फीसदी लोगों ने ही वोट दिया था। इस दौरान बीजेपी के पूर्व विधायक भरत बोगरा भी वहां मौजूद थे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों से कहा कि जितना आपने वोट दिया, उतना पानी आपको मिला रहा है।
https://twitter.com/ANI/status/1117706967773065216
गौरतलब है कि कुंवरजी बावलिया पिछले साल कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। पार्टी ने उन्हें कैबिनेट मंत्री बना दिया था। बावलिया को उपचुनाव में गुजरात की जसदण विधानसभा सीट से जीत हासिल हुई थी।