
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी है। जम्मू-कश्मीर में पिछले 15 दिनों में 22 आतंकवादियों को मारा जा चुका है। इसमें से आठ टॉप कमांडर शामिल हैं। वहीं बुधवार को शोपियां ज़िले के सुगू इलाके में हुई मुठभेड़ में चार आतंकी मारे गए है। जम्मू-कश्मीर पुलिस की खुफिया जानकारी के आधार पर आज संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया गया था। जिसमें सेना को यह कामयाबी मिली है।
रिपोर्ट के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस की ज्वाइंट टीम, आर्मी की 44 आरआर और सीआरपीएफ ने बुधवार सुबह सुगो हेधामा में सर्च ऑपरेशन शुकी किया। इस दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों की टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके दोनों बुधवार तड़के सुगो हेधामा गोलियों की तड़-तड़ाहट से गूंज उठा।
बता दें कि कुलगाम में 25 मई को इस्लामिक स्टेट जम्मू-कश्मीर के कमांडर आदिल अहमद वानी और लश्कर-ए-तैयबा के शाहीन अहमद ठोकर को मारा गया। इसके बाद कुलगाम के वानपोरा इलाके में 30 मई को हिज्बुल मुजाहिदीन के कमांडर परवेज अहमद और जैश-ए-मोहम्मद के टॉप कमांडर शाकिर अहमद को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। इसके बाद दो जून को सुरक्षाबलों ने आवंतीपोरा के त्राल में हुए एक एनकाउंटर में जैश-ए-मोहम्मद के ग्रुप कमांडर आकिब रमजान वाणी को मार गिराया। इसी एनकाउंटर में आवंतीपोरा का जेईएम कमांडर मोहम्मद मकबूल भी मारा गया।
मीडिया रिपोर्ट की माने तो तीन जून को सेना ने जैश के टॉप कमांडर फौजी भाई, हिज्बुल के मंजूर अहमद कर और जेईएम के कमांडर जावेद अहमद को पुलवामा में ढेर कर दिया था। इसके बाद शोपियां में सात जून को हिज्बुल के इशफाक अहमद को मारा गया था। उसी एनकाउंटर में आदिल अहमद मीर, बिलाल अहमद भट्ट और सज्जाद अहमद वागे को भी सेना ने मार गिराया था।
वहीं सात जून को हुए एनकाउंटर में हिज्बुल के कमांडर उमर, लश्कर के रईस अहमद खान, हिज्बुल के सकलैन अहमद और वकील अहम नईकू जैसे कमांडरों को सेना ने मार दिया। इसके अलावा सूत्रों ने बताया कि राजौरी में सुरक्षाबलों ने 28 मई को भी चार आतंकियों को ढेर कर दिया था।