आपस में भिड़े बीजेपी कार्यकर्ताओं का वीडियो हुआ वायरल, जमकर हुई मारपीट

बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच गुरुवार को कुछ ऐसा हुआ कि वह आपस में ही भिड़ गए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें देश की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ता आपस में हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। घटना राजस्थान में अजमेर के मसूदा की बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बीजेपी के उम्मीदवार भागीरथ चौधरी, पूर्व विधायक के पति भंवर सिंह पलाड़ा और हाल ही में बीजेपी का हिस्सा बने नवीन शर्मा एक साथ कार्यक्रम में मौजूद थे और इसलिए उनके समर्थक आपस में भिड़ गए।

विवाद क्यों हुआ और मारपीट का कारण क्या रहा इसका ठीक-ठीक पता नहीं चला है लेकिन बताया जा रहा है कि मंच पर पहले बोलने को लेकर यह विवाद हुआ। रिपोर्ट्स के अनुसार विवाद के बाद बीजेपी उम्मीदवार भागीरथ नाराज होकर वहां से चले गए। मामले में बीजेपी जिलाध्यक्ष कालू लाल गुज्जर की ओर से जांच कराई जा रही है।

हाथापाई के बीच कुछ नेताओं ने बीच बचाव किया जिसके बाद मामला शांत हो सका। बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच हुए बवाल के बाद आयोजित सभा को भी स्थगित करना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एक साथ एक ही क्षेत्र के तीन नेता इकट्ठा होना विवाद की वजह रहा जहां नेता मंच पर एक दूसरे से माइक खींचते नजर आए। झड़प के दौरान एक दूसरे को तमाचे भी जड़े गए। मामले की जांच के बाद जिला अध्यक्ष कालू लाल गुज्जर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी को देने वाले हैं।