बीजेपी ने केशव प्रसाद मौर्य को बनाया बिहार पर्यवेक्षक, कल होगी विधायक दल की बैठक

BJP in Bihar: बीजेपी ने बिहार में सरकार बनाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में पार्टी ने यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या को बिहार में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वहीँ पार्टी ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और साध्वी निरंजन ज्योति को सह-पर्यवेक्षक बनाया है।

बीजेपी ने एक दलित और दो ओबीसी पर्यवेक्षक बनाकर दिया बड़ा संदेश

केशव प्रसाद मौर्य यूपी के उप मुख्यमंत्री हैं और ओबीसी वर्ग से आते हैं। साध्वी निरंजन ज्योति ओबीसी निषाद समुदाय से आती हैं. वीएचपी से जुड़ी रही हैं और केंद्रीय मंत्री भी रह चुकी हैं। वो पिछला लोकसभा चुनाव हार गई थीं। अर्जुन राम मेघवाल राजस्थान बीजेपी के दलित नेता हैं। मेघवाल इस समय केंद्रीय कानून मंत्री हैं।

कल होगी विधायक दल की बैठक

बीजेपी विधायक दल की बैठक कल 19 नवंबर को सुबह 10 बजे पार्टी के पटना कार्यालय में होगी। बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद 20 नवंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह दोपहर में होगा।

सरकार गठन से पहले NDA की हुई बैठक

सरकार गठन से पहले मंगलवार को जेडीयू नेता संजय झा और ललन सिंह ने अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि बैठक में सरकार गठन के लिए एनडीए की तैयारियों पर चर्चा हुई। इसमें सरकार में एनडीए के घटक दलों को मंत्री पद का बंटवारा और विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार का नाम शामिल था। बुधवार को जेडीयू मुखिया राज्यपाल से मिलेंगे और एनडीए के अन्य सभी घटकों के समर्थन पत्र के साथ इस्तीफा सौंपेंगे।

नीतीश भी कल चुने जाएंगे विधायक दल का नेता

नीतीश कुमार को 19 नवंबर को विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इससे एक दिन बाद पटना के गांधी मैदान में बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस कार्यक्रम में नए मंत्रिमंडल के अन्य मंत्रियों के भी शपथ लेने की उम्मीद है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री शाह, राजनाथ सिंह और धर्मेंद्र प्रधान सहित एनडीए के कई शीर्ष नेताओं और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है।