जब रांची में नाचने लगे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, क्या है माजरा

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का झारखंड में लोकसभा चुनाव के लिए महागठबंधन नेताओं के साथ शनिवार को एक रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है। राहुल रांची के मोरहाबादी मैदान में पार्टी के परिवर्तन उलगुलान महारैली को झामुमो, जेवीएम और राजद के नेताओं के साथ संबोधित करेंगे। इस रैली में शामिल होने के लिए राहुल गांधी रांची पहुंचे हैं।

रांची स्थित मोरहाबादी मैदान जाने से पहले राहुल ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। रैली से पहले राहुल गांधी स्थानीय लोगों के साथ मिले और उनसे संवाद किया इस मौके पर राहुल बेहद उत्साहित नजर आए और उन्होंने उन लोगों के साथ पारंपरिक डांस भी किया। राहुल गांधी का जोश उस वक्त देखने लायक था।

रांची में  राहुल गांधी ने स्थानीय रंग में रंगे नजर आए। राहुल के साथ कांग्रेस के कई नेता भी मौजूद रहे। र्ष 2014 के लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस नेता की झारखंड में यह पहली जनसभा है।

गौरतलब है कि मोरहाबादी मैदान में शनिवार को प्रस्तावित रैली में झारखंड विकास मोर्चा (प्र) के मुखिया बाबूलाल मरांडी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता स्टीफन मरांडी भी शामिल होंगे।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष गांधी की रैली के लिए राज्य में उनके गठबंधन सहयोगी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं को भी आमंत्रित किया गया था।