प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कांग्रेस में मंथन शुरू, ये नाम चर्चाओं में

नई दिल्ली। झारखंड में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष को लेकर मंथन जारी है। यहां कांग्रेस के मुखिया रामेश्वर उरांव फिलहाल हेमंत सोरेन सरकार में वित्त मंत्री के पद पर हैं। ऐसे में प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी किसी और को सौंपे जाने की बात पार्टी में चल रही है। इस पद को लेकर तमाम तरह के पहलुओं पर मंथन जारी है। चर्चा है कि कांग्रेस वहां एक व्यक्ति, एक पद के सिद्धांत पर चलना चाहती है। उधर पार्टी में विचार किया जा रहा है कि इस बार किसी युवा चेहरे को प्रदेश का अध्यक्ष बनाया जाए। इस कारण बताया जा रहा है, रामेश्वर उरांव की अधिक उम्र। उरांव की उम्र फिलहाल 73 साल की है।

वहीं दूसरी ओर यह भी तर्क दिया जा रहा है कि किसी विधायक को यह जिम्मेदारी न दी जाए। इसके पीछे सोच है कि अध्यक्ष अपना पूरा वक्त पार्टी और संगठन को दे सके। हाल ही में कोरोना को लेकर मीडिया से बातचीत में राहुल ने कांग्रेस शासित सरकार और सहयोगी के रूप में शामिल सरकारों की तुलना करते हुए इशारा किया था कि सहयोगी के तौर पर शामिल कांग्रेस का सरकार के फैसलों में उतना दखल नहीं होता है।

हालांकि, केशव महतो, इरफान अंसारी, राजेश ठाकुर, मानस सिन्हा व संजय पासवान का नाम झारखंड में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष के लिए चर्चा में हैं। क्योंकि, ये सभी उरांव के साथ कार्यकारी अध्यक्ष के रूम में कार्य कर रहे हैं। इस नाते ये लोग भी दावेदार माने जा रहे हैं।