लखनऊ : लॉकडाउन के बीच एक ही परिवार के 6 लोगों की निर्मम हत्या

लखनऊ। कोरोना वायरस से छुटकारा पाने के लिए एक तरफ जहां पूरा देश लॉकडाउन है। इसी बीच लखनऊ से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, यहां एक पिता ने अपने बेटे के साथ मिलकर परिवार के छह लोगों को मौत के घाट उतार दिया।

घटना बंथरा थाना क्षेत्र की है। आरोपी युवक का नाम अजय सिंह है। जिसने जमीन विवाद के चलते अपने बेटे अवनीश के साथ मिलकर पिता अमर सिंह को लखनऊ बॉर्डर से उन्नाव जिले के विशुन खेड़ा में गड़ासे से काटकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद लखनऊ पहुंचकर बंथरा थाना क्षेत्र स्थित खेत में छोटे भाई अरुण, भाभी राम साखी और भतीजे सौरभ और भतीजी सारिका को मौत की नींद सुला दिया। यह मौत का खेल यहीं खत्म नहीं हुआ। आरोपी ने घर पहुंचकर मां रामदुलारी की भी हत्याकर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर सहित कई आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की।

बंथरा थाना क्षेत्र में गुरुवार कि देर शाम उस समय अचानक सनसनी फैल गई, जब अजय सिंह नाम के युवक ने अपने ही परिवार के 6 लोगों की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी थाने पहुंच गया। हत्यारोपी के हाथ में खून और खून से सना धारदार हथियार देख पुलिस के होश उड़ गए। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया। वारदात को अंजाम देने वाला युवक मानसिक रूप से विछिप्त है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी।

ग्रामीणों के मुताबिक, अजय व अरुण में जमीन विवाद को लेकर पूर्व में विवाद हुआ था। मामला बढ़ता देख गांव में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में लोगों ने अजय को समझाया था। आरोप है कि अजय अरुण के हिस्से की जमीन हड़पना चाह रहा था, जिसके कारण वह बार-बार भाई व पिता से उलझता था। कुछ दिन पहले अमर सिंह ने एक जमीन बेची थी, जिस पर अजय ने आपत्ति कर दी। काफी प्रयास के बाद इस मामले को शांत कराया गया था। इसके बाद से अजय अपने माता-पिता और भाई के परिवार से नाराज था।