
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में लॉकडाउन के चौथे चरण में बिना अनुमति के कपड़े की दुकान खोलने के चलते गोमतीनगर और अलीगंज थाने ने दो दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की है। इसमें गोमतीनगर के विवेक खण्ड इलाके में किड्स वियर की दुकान के मालिक पर एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं अलीगंज के कपूरथला के पास भाटिया फैब्रिक्स पर भी लॉकडाउन के नियमों के उल्लंघन के मामले में केस दर्ज हुआ है।
बता दें कि लॉकडाउन-4 के दौरान बाजारों को खोलने के लिए जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने मंगलवार को व्यापार मंडलों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि बाजारों को सैनिटाइज करवाने के बाद गुरुवार से दुकानों को अल्टरनेट डेज में खोला जाएगा। रेस्तरां को सिर्फ होम डिलिवरी की अनुमति होगी। वहां से खरीदारी नहीं की जा सकेगी। वहीं, बेकरी व मिठाई शॉप से होम डिलिवरी के साथ खरीदारी भी की जा सकेगी। वहीं बुधवार को कुछ लोगों ने बिना अनुमति के दुकाने खोल दीं जिसपर कार्रवाई की गई है।