लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं का लखनऊ में लगातार प्रदर्शन जारी है. सपा छात्र सभा और एससी एसटी छात्रों का प्रोटेस्ट 13 पॉइंट रोस्टर के खिलाफ चल रहा है. हजरतगंज चौराहे पर बीच सड़क पर बैठकर एससी,एसटी प्रकोष्ठ के लोग प्रदर्शन कर रहे हैं. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और कार्यकर्ताओं को सड़क से हटाने में जुटी है.

सपा नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूँका और इसी दौरान समाजवादियों व लखनऊ पुलिस के बीच जोरदार झड़प भी हो गई. समाजवादी एससी एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश अम्बेडकर के नेतृत्व में अम्बेडकर प्रतिमा पर मौजूद होकर समाजवादियों ने यह प्रदर्शन किया।

सुप्रीम कोर्ट द्वारा विश्वविद्यालय में लागू किये गये 13प्वाइंट रोस्टर के खिलाफ यह प्रदर्शन किया जा रहा है और केंद्र सरकार द्वारा अध्यादेश लाकर 200 प्वाइंट रोस्टर की बहाली की मांग की जा रही है. वही सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अमौसी एयरपोर्ट पर रोके जाने से भी सपा समर्थकों में नाराजगी है. दलित आदिवासी पिछड़े वर्गों के मिले आरक्षण को भाजपा सरकार द्वारा खत्म करने का भी आरोप लगाया जा रहा है.