एप्पल के CEO को टिम एप्पल कहने पर बना अमेरिकी राष्ट्रपति का मजाक,जानें कैसे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने कामों की वजह से दुनियाभर में सुर्खियों में बने रहते हैं। लेकिन बुधवार को कुछ ऐसा हुआ जिसके कारण वह सोशल मीडिया पर फिर से ट्रेंड होने लगे। असल में एक मीटिंग के दौरान ट्रंप ने गलती से एप्पल कंपनी के सीईओ (CEO) टिम कुक को ‘टिम एप्पल’ कहकर संबोधित कर दिया। दिलचस्प बात यह रही कि टिम कुक उस दौरान ट्रंप के बगल में ही बैठे थे। इस घटनाक्रमा के बाद लोगों ने ट्रंप को सोशल मीडिया पर मजाकिया अंदाज में ट्रोल करना शुरू कर दिया।

व्हाइट हाउस में अमेरिकन वर्कफोर्स पॉलिसी एडवाइजरी बोर्ड की बैठक चल रही थी। बैठक के दौरान ट्रंप, टिम का नाम भूल गए और उन्होंने टिम कुक की जगह ‘टिम एप्पल’ कहकर संबोधित किया। हालांकि यहां पर अमेरिकी राष्ट्रपति को अपनी गलती का एहसास नहीं हुआ और उन्होंने आगे भी अपनी बात जारी रखी। इस दौरान ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप भी उनके बगल बैठी थी

ट्रंप ने कहा कि यहां कई कंपनियां आ रही है और हम श्रम बल को बढ़ाने जा रहे हैं। आप ( टिम) दुनिया भर में निवेश कर रहे है और आपने हमारे यहां भी निवेश किया , मैं शुरूआत से यही चाहता था और आपने यही किया भी। टिम एप्पल हम आपकी तारीफ करते हैं।

गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब अमेरिकी राष्ट्रपति से इस तरह की गलती हुई है। इससे पहले भी लॉकहीड मार्टिन के सीईओ (CEO) मैरिलिन  ह्यूसन को ‘मैरिलिन लॉकहीड’ कह दिया था जबकि अमेजान के सीईओ जेफ बेजोस को ‘जेफ बोजो’ कह दिया था।