New Zealand Shooting: UAE ने की PM जेसिंडा अर्डर्न की तारीफ, बुर्ज खलीफा पर तस्‍वीर प्रदर्शित कर जताया आभार

दुबई : न्यूजीलैंड के क्राइस्‍टचर्च में दो मस्जिदों में 15 मार्च को हुई गोलीबारी ने पूरी दुनिया को सकते में ला दिया, जिसमें 50 लोगों की जान चली गई। न्‍यूजीलैंड जैसे कम आबादी वाले और शांतिप्रिय माने जाने वाले देश में हुए इस हमले ने हर किसी को हैरान कर दिया तो सरकार ने जिस तरह से देश की मुस्लिम आबादी के प्रति समर्थन और एकजुटता का भरोसा दिलाया, उसकी हर तरफ तारीफ हो रही है।

न्‍यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने क्राइस्‍टचर्च की दो मस्जिदों अल नूर मस्जिद और लिनवुड मस्जिद में हुई गोलीबारी को आतंकी घटना करार दिया और साफ कर दिया कि आतं‍की भले ही खुद को किसी भी सोच का बताता हो, पर वास्‍तव में वह आतंकवादी है और उसे देश के कानून के अनुसार सजा दी जाएगी। घटना के बाद उन्‍होंने मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात भी की थी। इस दौरान वह पारंपरिक काले परिधान में नजर आई थीं।

अब यूएई ने अनूठे अंदाज में उनकी तारीफ की है। यूएई ने दुनिया की सबसे ऊंची बिल्डिंग बुर्ज खलीफा में शुक्रवार रात उनकी तस्‍वीर प्रदर्शित की, जिसमें वह हिजाब में मुस्लिम शख्‍स को गले लगाती नजर आ रही हैं। यूएई के पीएम शेख मोहम्‍मद बिन राशिद अल मकतूम ने ट्ववीट कर न्‍यूजीलैंड की प्रधानमंत्री का आभार जताया। न्‍यूजीलैंड की पीएम की तारीफ करते हुए उन्‍होंने लिखा, ‘आपने (पीड़‍ितों के प्रति) जिस तरह की एकजुटता प्रदर्शित की उसने दुनियाभर के 1.5 अरब मुसलमानों का दिल जीत लिया है और उनकी नजरों में आपका सम्‍मान बढ़ गया है।’

उधर, न्‍यूजीलैंड में क्राइस्‍टचर्च हमले के पीड़‍ितों के शव शुक्रवार को दफन कर दिए गए। इस दौरान नमाज अदायगी भी की गई। वेलिंगटन में हजारों की तादाद में लोग जमा हुए और एक मस्जिद के पास मानव-शृंखला बनाकर यह संदेश देने का प्रयास किया कि वे देश के मुस्लिम समाज के साथ और उनकी सुरक्षा के लिए तैयार खड़े हैं।