अप्रैल से जून तक उत्तर भारत में रहेगा गर्मी का कहर, भारी बारिश और लू को लेकर कई राज्यों में अलर्ट

 मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में अप्रैल से जून तक दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। वहीं दूसरी तरफ देश के 10 राज्यों में 3 अप्रैल से मौसम की स्थिति बदल जाएगी।
उत्तर भारत में लगातार मौसम का बदलाव जारी है। मार्च के महीने में गर्मी ने अपना रंग दिखाया तो अब अप्रैल का महीना शुरू हो चला है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि अप्रैल से जून तक गर्मी का असर पूरी तरह उत्तर भारत में दिखेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में अप्रैल से जून तक दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। वहीं दूसरी तरफ देश के 10 राज्यों में 3 अप्रैल से मौसम की स्थिति बदल जाएगी। विभाग ने कहा कि राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत 10 राज्यों में 3 अप्रैल को लू के आसार हैं।

जानकारी के लिए बता दें कि मौसम विभाग ने कहा कि बीते कई दिनों से गुजरात से हरियाणा के बीच एक दबाव भिन्नता रही। जिसकी वजह से गर्मी बढ़ने लगी। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को लू का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में भी मौसम ने करवट ली है। जिसकी वजह से पश्चिम और उत्तर भारत का मौसमी मिजाज बदला है। हाल ही के दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि राजस्थान को लू से राहत मिलने की संभावना है।

कई राज्यों में धूल भरी हवाएं और बारिश के संकेत

आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तर मध्य प्रदेश, झारखंड में धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन महीने भीषण गर्मी रहेगी। बंगाल की खाड़ी और दक्षिण अंडमान में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से दो अप्रैल के बाद से भारी बारिश शुरू होगी। अरुणाचल प्रदेश में भी भारी बारिश का अनुमान है।