लंदन : भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान जब से पाकिस्तान की कैद से आजाद होकर देश लौटे हैं, उनके बारे में तरह-तरह की जानकारियां सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही हैं। पिछले दिनों उनके नाम से कई अकाउंट सामने आए थे, जिसके बाद भारतीय वायुसेना को सफाई देनी पड़ी थी कि विंग कमांडर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल नहीं करते। अब एक बार फिर ऐसी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई है, जिसमें भारतीय वायुसेना के पायलट को एक चाय की दुकान के साइनबोर्ड पर देखा जा रहा है।
इसे लंदन के वाल्टहैम्सटो स्थित दुकान और इसका नाम ‘चायवाला’ बताया गया है, जिसके साइबोर्ड पर विंग कमांडर अभिनंदन की तस्वीर देखी जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक प्रशंसक ने अपनी दुकान का नाम ‘चायवाला’ रख लिया और इसके साइनबोर्ड पर विंग कमांडर अभिनंदन की तस्वीर लगाई। यह तस्वीर जल्द ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसे कई लोगों ने शेयर किया है। हालांकि Times Now की पड़ताल में यह तस्वीर फर्जी पाई गई और यह सामने आया कि चाय की दुकान ने साइनबोर्ड पर कभी भारतीय वायुसेना के पायलट की तस्वीर नहीं लगाई थी।
यहां उल्लेखनीय है कि विंग कमांडर अभिनंदन ने 27 फरवरी को भारतीय हवाई क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश कर रहे पाकिस्तानी वायुसेना के विमान F-16 को मार गिराया था। हालांकि इस क्रम में उनका विमान भी क्षतिग्रस्त हो गया था। वह पैराशूट से सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, पर इस क्रम में पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र में पहुंच गए थे, जिसके बाद उन्हें बंधक बना लिया गया था। इस बीच भारत के कूटनीतिक प्रयास रंग लाए और अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच पाकिस्तान ने 1 मार्च को उन्हें भारत को सौंप दिया।
इस दौरान उनके कई वीडियो सामने आए, जिसमें वह पाकिस्तान की कैद में होने के बावजूद बेहद बहादुरी से पेश आते और पाक अधिकारियों के सवालों के जवाब देते नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में वह चाय पीते हुए पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों के सवालों का जवाब देते नजर आ रहे हैं, जिसमें पाक अधिकारी जब थोड़ा अनौपचारिक होते हुए पूछते हैं कि चाय कैसी है तो इसके जवाब में विंग कमांडर अभिनंदन इसे बेहतरीन बताते हैं।
Craze of wing commander #Abhinandan in UK. *‘chaiiwala’,* Walthamstow, London, UK pic.twitter.com/7mTWrn3zMc
— Car-O-Bar (@Carobarindia) March 6, 2019
पाकिस्तान की कैद में रहते हुए भी वह जिस बहादुरी से पेश आए, उसका कायल हर कोई है। आज वह घर-घर में लोकप्रिय हैं। बच्चों तक को उनके नाम रट गए हैं और कई लोगों ने अपने नवजातों के नाम भी उन पर रख लिए हैं। देश उनकी बहादुरी को सैल्यूट कर रहा है तो सीमा पार भी उनकी लोकप्रियता कम नहीं है। पाकिस्तान में एक चाय बेचने वाले ने अपने यहां लोगों को आकर्षित करने के लिए अपने स्टॉल पर विंग कमांडर का पोस्टर लगाते हुए उर्दू में लिखा है, ‘ऐसी चाय जो दुश्मन को भी दोस्त बनाए।’ उसने विंग कमांडर अभिनंदन के उसी वीडियो का ग्रैब लेकर यह पोस्टर लगाया है, जिसमें वह हाथों में चाय का कप थामे पाकिस्तानी अधिकारियों के सवालों का जवाब देते नजर आ रहे हैं।