म्यांमार में एक एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। विमान की लैंडिंग गियर फेल हो जाने के बाद विमान के अगले हिस्से में बिना पहिए के ही इसे रनवे पर उतारना पड़ा। इस हादसे में हालांकि किसी की जान नहीं गई, पायलट ने हिम्मत और सूझबूझ से विमान में सवार 89 लोगों की जानें बचाई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
बताया जाता है कि म्यांमार में एक सप्ताह के अंदर ये दूसरी विमान हादसा होते-होते टला। रविवार को विमान संख्या यूबी-103 ने मंडाले एयरपोर्ट पर सुबह के 9 बजे के करीब ये आपात लैंडिंग की। विमान में 7 क्रू सदस्यों सहित कुल 89 यात्री सवार थे। विमान की इस खतरनाक लैंडिंग की वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आई है जो कुछ ही समय में तेजी से वायरल हो गई है।
विमान हादसे का कारण तकनीकी खराबी बताई जा रही है। म्यांमार के सिविल एविएशन डिपार्टमेंट के डिप्टी डायरेक्टर जनरल ने बताया कि पायलट ने विमान के अगले पहिए को चालू करने के लिए लैंडिंग गियर ऑन करने की कई बार भरपूर कोशिश की लेकिन वह इसमें विफल रहा।
#MNA (Embraer 190) #Yangon–#Mandalay this morning, landing at the #Mandalay airport – Nose Lansing Gear failure on landing. Flight Capt. has done the amazing job. #Myanmar pic.twitter.com/7dDzSIs13V
— Cape Diamond (@cape_diamond) May 12, 2019
म्यांमार नेशनल एयरलाइंस विमान की जांच के लिए अपने इंजीनियर को वहां भेजा। उन्होंने बताया कि सभी विमानों की रोजाना उड़ान से पहले एक बार रुटीन जांच होती है। गौरतलब है कि इसके चार दिन पहले ही बुधवार को बिमान बांग्लादेश एयरलाइन का एक विमान यांगून एयरपोर्ट पर तेज हवाओं के कारण क्रैश लैंडिंग का शिकार हो गया था इसमें 11 सवार यात्री घायल हो गए थे।
बताया जाता है कि म्यांमार में मॉनसून सीजन के कारण कॉमर्शियल और मिलिट्री फ्लाइट के परिचालन में पिछले कुछ समय में काफी प्रभाव पड़ा है। 2017 में एक सैन्य विमान समुद्र में क्रैश हो गया था जिसमें 122 यात्री सवार थे। ये भी खराब मौसम के कारण हुआ था। इस देश में अब तक के इतिहास में सबसे बड़ा विमान हादसा के रुप में इसे जाना जाता है।