ऑस्ट्रेलियन सीनेटर फ्रेजर अनिंग न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में मस्जिद में हुई गोलीबारी के पीछे की असली वजह पर अपनी विवादित टिप्पणियों के बाद फिर से सुर्खियों में आ गए हैं। एक युवक ने मेलबर्न में अनिंग के सिर पर एक अंडा फोड़ दिया, जब वो मीडिया के साथ बात कर रहे थे। यह घटना कैमरों में कैद हो गई और वीडियो वायरल हो गया।
वीडियो में अनिंग को कैमरे पर बात करते हुए देखा जा सकता है तभी एक युवक पीछे से उनके सिर पर एक अंडा फोड़ देता है। गुस्साए सीनेटर पीछे मुड़ते हैं और उस युवक को एक थप्पड़ जड़ देते हैं। इसके बाद वहां मौजूद लोग बीच-बचाव करते हैं और अनिंग को रोकते हैं। लड़के को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और बाद में बिना किसी आरोप के रिहा कर दिया।
https://twitter.com/Henry_Belot/status/1106790914414919681
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने अनिंग की टिप्पणियों को ‘ऑस्ट्रेलिया में कोई जगह नहीं’ के साथ ‘भयावह’ और ‘बदसूरत’ के रूप में वर्णित किया।
न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में शुक्रवार को हुई गोलीबारी के संबंध में गिरफ्तार किए गए 28 साल के एक ऑस्ट्रेलियाई व्यक्ति को शनिवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया और उस पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। शुक्रवार को दक्षिणपंथी माने जा रहे कम से कम दो बंदूकधारियों ने दो मस्जिदों में अंधाधुंध गोलीबारी कर दी थी जिसमें 49 लोगों की मौत हो गई और 48 लोग घायल हो गए।