हवाई जहाज से पैराशूट पहनकर पार्क में उतरा था शख्स, कंगारू ने जड़ दिया मुक्का

जंगली जानवरों से जुड़ी अजब गजब खबरें अक्सर दुनिया के अलग अलग हिस्सों से सामने आती रहती हैं। इस बार एक मामला ऑस्ट्रेलिया से सामने आया है जहां एक पैराग्लाइडर पर कंगारू ने हमला कर दिया। न्यू साउथ वेल्स में ओरारल घाटी के नामादगी नेशनल पार्क में पैराग्लाइडर ने परफेक्ट लैडिंग की।

गो प्रो कैमरे पर इस घटना की फुटेज रिकॉर्ड हो गई जिसे पैराग्लाइडर ने खुद फेसबुक पर पोस्ट किया। वीडियो को अब तक 3.79 लाख व्यूज मिल चुके हैं और इस पर 4300 से ज्यादा रिएक्शन और 1100 कमेंट भी आ चुके हैं। नीचे आप घटना का वीडियो देख सकते हैं जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

लैडिंग से पहले पार्क में कंगारुओं को देखकर पैराग्लाइडर जोनाथन बिशप उत्सुक थे। कई कंगारू दोस्ताना अंदाज में भी उनके पास आए लेकिन एक कंगारू उनकी मौजूदगी से नाखुश नजर आया। वह बिशप की तरफ दौड़ा और इतना ही नहीं उसने जोनाथन के चेहरे पर मुक्का भी जड़ दिया।

हालांकि जानवर ज्यादा देर तक जोनाथन के पीछे नहीं रहा और अन्य कंगारुओं के साथ वापस लौट गया। वीडियो को फेसबुक पर पोस्ट करते हुए जोनाथन ने लिखा, ‘मैं कैनबरा के पास दो घंटे के लिए क्रॉस कंट्री पर पैराग्लाइडिंग कर रहा था और एक ऐसी स्थिति में पहुंच गया था, जहां मुझे उतरना था।’