जब पुलिस को किसी लापता अपराधी की तलाश होती है तो वह इसके लिए वांटेड पोस्टर जारी करती है। ये पोस्टर बड़ी संख्या में जगह-जगह पर लगाए जाते हैं ताकि अपराधी के बारे में जानकारी मिल सके। साथ ही सोशल मीडिया पर भी संभावित अपराधी की फोटो वायरल कर दी जाती है ताकि यह अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके और लापता शख्स के बारे में कोई जानकारी मिल सके।
हाल ही में इससे जुड़ी एक मजेदार खबर सामने आई है जहां पुलिस ने एक ऐसी फोटो वांटेड पोस्टर में छाप दी जो अपने आप में हास्यास्पद है। चीन में पुलिस ने लापता कथित आरोपी के बचपन की तस्वीर पोस्टर पर छपवा दी और साथ ही सोशल मीडिया पर भी शेयर कर दिया। हो सकता है आपको इस खबर पर विश्वास न हो रहा हो लेकिन यह सच है। पुलिस को 17 साल के लड़के की तलाश थी लेकिन उनके पास लड़के का नया फोटो नहीं था इसलिए पोस्टर में बचपन की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया।
यह घटना चीन के युन्नान प्रांत के ज़ेनेक्सियंग की है जहां जी किंघई नाम के लड़के के पोस्टर छपवाए जा रहे थे। यह पोस्टर पुलिस ने 19 मार्च को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया था। तब से फोटो को लगातार सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।
चार दिन तक लगातार ट्रोल होने के बाद पुलिस ने इस बारे में आधिकारिक बयान जारी करते हुए लड़के की बचपन की तस्वीर शेयर करने को लेकर माफी मांगी। पुलिस ने कहा कि उसे लापता अपराधी की हालिया फोटो नहीं मिली और बचपन की तस्वीर इस मकसद से साझा की गई थी कि शायद अब भी इससे लड़के की पहचान हो सके।