इंसानी शरीर में आंख, कान, नाक, गला सबसे ज्यादा नाजुक अंग कहे जाते हैं। इन अंगों के साथ थोड़ी सी भी लापरवाही बरती जाए तो यह जान पर भी बन आती है। खास कर आंख और कानों के साथ बेहद सावधानी बरतने की जरूरत होती है। ऐसे ही चीन से एक ऐसे व्यक्ति की कहानी सामने आई है जिसके कानों में बेहद खतरनाक संक्रमण फैल गया था। कान के इलाज का मेडिकल परीक्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर अब सामने आ गया है जो बेहद डरावना लग रहा है।
चीनी व्यक्ति ने डॉक्टर को बताया कि उसके कानों में पिछले कुछ समय से खुजली (etching) की शिकायत हो रही है। जब डॉक्टर ने उसके कान का परीक्षण किया तो हैरान करने वाली बात सामने आई है। उसके कान के अंदर एक जिंदा मकड़ी ने अपना डेरा जमा लिया था। इतना ही नहीं उसने वहां पर अपना जाला भी बुनना शुरू कर दिया था। यही वजह थी कि उस व्यक्ति को अपने कानों में इचिंग की शिकायत आ रही थी।
कान के मरीज की पहचान ली के रुप में की गई है वह 20 वर्ष का है। उसने अपने कान के इलाज के लिए यांगझू प्रांत के यांगझू यूनिवर्सिटी मेडिकल स्कूल के ईएनटी स्पेशलिस्ट (ENT Specialist) के पास गया। रिपोर्ट के मुताबिक उस व्यक्ति को अपने कानों में बार-बार कुछ हरकत सुनाई पड़ती थी जिससे उससे काफी दर्द का एहसास होता था। कुछ समय से ऐसा उसके साथ लगातार हो रहा था जिससे उसे इचिंग की भी समस्या आ रही थी।
रिपोर्ट के मुताबिक डॉक्टरों ने पहले तो उसके कान में कोई शिकायत नहीं पाई। लेकिन जब उन्होंने कान में माइक्रोस्कोप लगाकर अंदर झांका तो हैरान रह गए। उन्होंने देखा कि कान के अंदर एक ग्रे कलर की मकड़ी रेंग रही थी। वह जाला बनाने की कोशिश कर रही थी। डॉक्टरों ने बेहद सावधानी से उसके कानों से वह मकड़ी बाहर निकाल दी अब वह व्यक्ति स्वस्थ बताया जा रहा है।
पिछले साल कर्नाटक में एक ऐसे व्यक्ति की कहानी सामने आई थी जो आंखों के खतरनाक संक्रमण से गुजर रहा था उसका वीडिया भी सोशल मीडिया पर सामने आया था। डॉक्टरों ने उस व्यक्ति की आंखों से 15 सेंटीमीटर का रेंगने वाला कीड़ा बाहर निकाला था। 60 वर्षीय इस मरीज की कहानी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी।