कश्मीर में सोमवार को पुलवामा जिले में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में मारे गए अपने पति मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल को नितिका कौल ने बहादुरी के साथ अंतिम विदाई दी। ताबूत के सामने खड़े होकर अपने पति का चेहरा देख कर वो बोली, ‘तुमने मुझसे झूठ बोला था कि तुम मुझसे प्यार करते हो। वास्तव में आप राष्ट्र से अधिक प्यार करते थे। मुझे काफी जलन हो रही है और मैं इसका कुछ नहीं कर सकती।’
34 साल के मेजर ढौंडियाल का पार्थिव शरीर सोमवार रात देहरादून के नैशविले रोड इलाके में उनके आवास पर लाया गया। मेजर को उनकी मां सरोज ढौंडियाल, दो बड़ी बहनें, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत, सेना के जवान, कांग्रेस और भाजपा नेताओं ने मंगलवार सुबह अंतिम सम्मान दिया।
https://youtu.be/6KHayn–7×8
बारिश के बीच नितिका ने पहले ताबूत को छुआ, फिर अपने पति के चेहरे को और फिर अपने आंसू पोंछे और दूर से उन्हें चूमा। नितिका ने कहा, ‘हम सब आपसे प्यार करते हैं। आपने (राष्ट्र के) लोगों के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। आप एक बहादुर आदमी हैं।’
उन्होंने कहा, ‘मैं तुम्हें अपने पति के रूप में पाकर बहुत सम्मानित महसूस कर रही हूं। अपनी अंतिम सांस तक मैं आपको, विभु को हमेशा प्यार करती रहूंगी। यह दुखद है कि आप जा रहे हैं, लेकिन मुझे पता है कि आप हमेशा आसपास रहेंगे। मैं सभी से सहानुभूति नहीं दिखाने का अनुरोध करती हूं, बल्कि सब मजबूत हों। आइए इस आदमी को सलाम करते हैं।’
शव को हरिद्वार ले जाया गया, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ मेजर का अंतिम संस्कार किया गया। बीजेपी विधायक मदन कौशिक, गणेश जोशी, खजान दास, अरविंद पांडे, कांग्रेस विधायक मनोज रावत, और कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत उन लोगों में से थे जिन्होंने मेजर को अंतिम सम्मान दिया।