नींद बनी मुसीबत, 3 सप्‍ताह तक सोती रही लड़की, छूट गई परीक्षा

रोज की आपा-धापी और भागदौड़ के बीच एक अच्‍छी और मीठी सी नींद किसे प्यारी नहीं होती। जिंदगी की भागदौड़ के बीच गहरी नींद हर किसी की चाहत होती है, पर हर किसी की यह इच्‍छा पूरी नहीं हो पाती। हालांकि गहरी नींद हर किसी की चाहत होती है, पर कई बार यह कुछ लोगों के लिए मुसीबतें भी लेकर आती है। ब्रिटेन की रहने वाली एक युवती के साथ कुछ ऐसा ही है, जिसके जिसके लिए लंबे समय तक गहरी नींद में सोना एक समस्‍या बन गई है।

दरअसल, यह युवती एक ऐसी बीमारी से पीड़‍ित है, जिसमें लोगों को लंबे समय तक नींद आती है। इस बीमारी को ‘स्‍लीपिंग ब्‍यूटी सिंड्रोम’ कहा जाता है, जिससे पीड़‍ित शख्‍स एक दिन में 22 घंटे तक सो सकता है। ‘डेली मेल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यूके की रहने वाली रोडा रॉड्रिग्‍ज (21) इसी बीमारी से पीड़‍ित है, जिसके कारण वह लगातार तीन सप्‍ताह तक सोती रही और इसकी वजह से उसकी परीक्षा भी छूट गई।

रॉड्रिग्‍ज के स्‍लीपिंग ब्‍यूटी सिंड्रोम से पीड़‍ित होने का खुलासा बीते साल सितंबर में हुआ था। इससे पहले बचपन में डॉक्‍टर ने उन्‍हें ‘हाइपर इन्‍सोमनिआ’ (hyper insomnia) से पीड़‍ित बताया था। इस बीमारी की वजह से उनकी रोजमर्रे की जिंदगी भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। वक्‍त अपनी गति से बढ़ता रहता है, जबकि रॉड्रिग्‍ज कई बार सोती रह जाती हैं और उन्‍हें कुछ भी पता नहीं चल पाता कि इस बीच क्‍या कुछ हो गया।