ब्रिटेन के बर्मिंघम एयरपोर्ट पर एक युवती को विमान में चढ़ने से इसलिए रोक दिया गया, क्योंकि उसने ‘छोटे’ कपड़े पहन रखे थे। एयरलाइन्स के कर्मचारियों ने इसे ‘भड़काऊ’ माना और इसलिए उनके समक्ष दो विकल्प रखे- या तो वह अपना बदन ढक लें या विमान में सवार न हों। युवती ने हालांकि उन्हें बताया कि यात्रियों के ‘उचित परिधानों’ को लेकर कोई ऑनलाइन जानकारी नहीं दी गई है, पर उन्होंने उसकी एक न सुनी।
वाकया ब्रिटेन के बर्मिंघम एयरपोर्ट का बताया जा रहा है, जहां 21 साल की युवती अपने परिवार के साथ स्पेन के कैनेरी आइलैंड जाने के लिए फ्लाइट लेने पहुंची थी। वे थॉमस कुक एयरलाइन्स से जाने वाले थे, जहां उसे कपड़ों को लेकर रोका गया। ‘मिरर यूके’ की रिपोर्ट के मुताबिक, युवती का कहना है कि उसे एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान नहीं रोका गया, लेकिन जब वह फ्लाइट पर चढ़ने जा रही थी, थॉमस कुक के चार कर्मचारियों ने उसे घेर लिया और उसके कपड़ों को लेकर टिप्पणी की।
Flying from Bham to Tenerife, Thomas Cook told me that they were going to remove me from the flight if I didn’t “cover up” as I was “causing offence” and was “inappropriate”. They had 4 flight staff around me to get my luggage to take me off the plane. pic.twitter.com/r28nvSYaoY
— Emily (@emroseoconnor) March 12, 2019
युवती ने इसे अपने जीवन का सबसे ‘शर्मिंदगीभरा अनुभव’ बताया। युवती ने लैंगिक भेदभाव का आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि उनसे दो पंक्ति पीछे बैठे एक शख्स को अपने कपड़े बदलने के लिए नहीं कहा गया, जिसने शॉर्ट्स और वेस्ट टॉप पहन रखे थे। उन्होंने अपने ‘बुरे अनुभव’ को लेकर ट्वीट भी किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
एमिलि ओ’कोनोर नाम की इस युवती ने यह भी बताया कि जब उसने परिधान बदलने से मना कर दिया तो एयरलाइन्स का एक कर्मचारी फ्लाइट से उसे बाहर करने के लिए उसका बैग उठा लाया। हालांकि बाद में उसके कजिन ने अपना जैकेट दिया, जिसे उसने यात्रा के दौरान पहने रखा। एमिली के ट्वीट के बाद कई लोगों ने असंवेदनशील व्यवहार के लिए थॉमस कुक एयरलाइन्स की आलोचना की, जिसके बाद एयरलाइन्स के प्रवक्ता ने युवती से व्यक्तिगत तौर पर और फिर आधिकारिक बयान जारी कर माफी मांगी।