लोकसभा चुनाव 2019 का दौर जारी है। चौथे चरण का मतदान हो चुका है। इसी बीच बिहार के जहानाबाद में सोमवार को एक प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल करने के लिए एक गधे की सवारी करते हुए आया। गधे की सवारी करने की वजह से उसके खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत नगर थाना में मामला दर्ज किया गया। चुनाव उम्मीदवार पर आरोप है कि उन्होंने आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
पुलिस अधिकारी मनीश शर्मा ने बताया हुलासनगर इलाके के निवासी मणि भूषण सोमवार को जहानाबाद लोकसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करने करने के लिए एक गधे की सवारी करके पहुंचे। इसी के चलते उनपर आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि मणि भूषण शर्मा ने निर्दलीय प्रत्याशी के लिए नामांकन दाखिल किया था, नामांकन पत्रों की जांच के दौरान तकनीकी आधार पर उनके नामांकन को रद्द कर दिया गया है।
पुलिस इसकी जांच कर इस पूरे मामले की जांच करेगी। नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंचे प्रत्याशी ने बताया कि वे गधे सवारी कर कुछ नेताओं को आईना दिखाने चाहते थे, जो आम जनता को पागल समझते हैं और यहीं वार उन पर भारी पड़ गया।
इस बार लोकसभा चुनाव 2019 सात चरणों में हैं, जिसमें चार चरणों पर वोट डाले जा चुके हैं। पांचवे चरण का मतदान 6 मई को होगा। बिहार की लोकसभा जहानाबाद सीट पर मतदान आखिरी चरण यानी 19 मई को होगा। चुनाव की वोटिंग के नतीजे 23 मई को घोषित किए जाएंगे।