कोरोना संकट के बीच पड़ने वाली है मौसम की मार, आसमान से बरसेगी आग

नई दिल्ली. भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है. IMD का अंदाजा है कि अगले चार-पांच दिन झुलसा देने वाली लू चलेगी साथ ही आज से ही ‘नौतपा’ भी शुरू हो रहा है। इस सीज़न में ऐसा पहली बार है की मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है. भारतीय मौसम विभाग ने कुछ उत्‍तरी राज्‍यों में लू के चलते ये ‘रेड’ वार्निंग जारी की है. इसका मतलब अब अगले कुछ दिनों तक भीषण गरमी का प्रकोप झेलना पड़ सकता है.

बता दें, हर साल मई महीने के आखिर में ‘नौतपा’ शुरू होता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, साल में एक बार 15 दिन के लिए सूर्य रोहिणी नक्षत्र में आ जाता है। इसके शुरुआती नौ‍ दिनों के दौरान सूर्य और पृथ्‍वी के बीच की दूरी कम होती है। उसकी किरणें धरती पर लंबवत पड़ती हैं जिस वजह से तापमान बढ़ जाता है और भीषण गर्मी पड़ती है. ख़बरों के अनुसार इस साल ‘नौतपा’ 25 मई से शुरू होकर 8 जून तक चलेगा। मौसम विभाग ने दिल्‍ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्‍थान के लिए ‘रेड’ वार्निंग और पूर्वी उत्‍तर प्रदेश के लिए ‘ऑरेंज’ वार्निंग दी है.मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिन तक, उत्‍तर प्रदेश, मध्‍य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्‍ली, राजस्‍थान, विदर्भ और तेलंगाना में भयंकर लू चलेगी। छत्‍तीसगढ़, गुजरात, ओडिशा, सेंट्रल महाराष्‍ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश, उत्‍तरी कर्नाटक में भी अगले 3-4 दिन लू का प्रकोप देखने को मिलेगा।