शादी में की गई हर्ष फायरिंग से मातम में बदला खुशियों का माहौल, गई युवक की जान

बिहार: बिहार के भोजपुर में शादी समारोह में की गई हर्ष फायरिंग के कारण एक शख्त की मौके पर ही मौत हो गई और उसी वक़्त खुशियों का माहौल मातम में बदल गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है.

बताया जा रहा है कि यह मामला नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा हाउसिंग कॉलोनी का है सूत्रों के मुताबिक, यह जानकारी मिली है कि चंदवा हाउसिंग कॉलोनी निवासी मोहन ओझा की लड़की की शादी कोईलवर थाना क्षेत्र के पचैना बाजार मिश्रटोला निवासी दीनबंधु मिश्रा के पुत्र दीपक मिश्रा से तय हुई थी। शादी समारोह में सबकुछ खुशी-खुशी सम्पन्न हो रहा था। तभी मंडप के समीप कुर्सी पर बैठने को लेकर बाराती और लड़की पक्ष के बीच विवाद हुआ.

इस बीच अचानक किसी शख्स ने फायरिंग कर दी और गोली बाराती पक्ष के कोईलवर पचैना बाजार मिश्रटोली निवासी राजदेव महतो के पुत्र सोनी महतो को लग गई और उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई. नवादा थानाध्यक्ष सुबोध कुमार को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली वे दलबल के साथ मौके पर जायज़ा लेने पहुंचे और फ़ौरन जांच के निर्देश दे दिए हैं.

हाल ही में ऐसी घटनाओं के कई मामले यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में देखने को मिले हैं और इसके खिलाफ कार्रवाई के सख्त निर्देश भी दिए गए पर पुलिस प्रशासन इस पर रोकथाम लगाने में पूरी तरह से विफल रही है जो कि बेहद दुखद और निंदनीय है.