Dancing Uncle is back:’डांसिंग अंकल’ ने इंटरनेट पर फिर मचाई धूम, सुर्खियां बटोर रहा नया Video

‘डांसिंग अंकल’ एक बार फिर सुर्खियों में हैं, जिन्‍होंने बीते साल अपने जबरदस्‍त डांसिंग मूव्‍स से सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। बॉलीवुड एक्‍टर गोविंदा के हिट गानों पर डांस कर चर्चा में आए संजीव श्रीवास्‍तव अपने हैरान कर देने वाले डांसिंग मूव्स के कारण सोशल मीडिया पर ‘डांसिंग अंकल’ के नाम से मशहूर हुए, जिन्‍होंने 1980 के दशक में मिथुन चक्रवर्ती पर फिल्‍माए गए बेहद लोकप्रिय गीत ‘जूली जूली’ पर भी बेहतरीन डांस दिखाए। हर बार उनकी जबदस्‍त एनर्जी देखने को मिली।

मध्‍य प्रदेश के रहने वाले 46 वर्षीय संजीव श्रीवास्‍तव उर्फ ‘डांसिंग अंकल’ एक बार फिर चर्चा में हैं। पिछले साल इंटरनेट पर अपने डांस से सनसनी मचाने वाले और बड़ी संख्‍या में युवाओं को प्रेरित करने वाले ‘डांसिंग अंकल’ की योजना इस साल कुछ और भी बड़ा करने की है। इस साल यूट्यूब पर उनका पहला वीडियो बीते सप्‍ताह आया, जिसे अब तक 1.12 लाख लोग देख चुके हैं। इसमें भी उनकी कमाल की एनर्जी देखने को मिल रही है।

चाचा नाच’ नाम से करीब साढ़े तीन मिनट का यह वीडियो यूएई के कंपोजर जसीम और सिंगर बेनी दयाल के सहयोग से बना है। वीडियो में संजीव श्रीवास्‍तव जसीम और बेनी दयाल के साथ अलग-अलग अंदाज में डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो की शुरुआत में श्रीवास्‍तव एक टीचर के तौर पर बेनी दयाल और जसीम को डांसिंग मूव्स सिखाते नजर आ रहे हैं।

यहां उल्‍लेखनीय है कि श्रीवास्‍तव इलेक्‍ट्रॉनिक के प्रोफेसर हैं और बीते कुछ महीनों में उनके डांस को देखते हुए इंटरनेट पर उनके बहुत प्रशंसक हो गए हैं। उनके डांस कौशल की तारीफ रवीना टंडन, अर्जुन कपूर, दीया मिर्जा और अनुष्‍का शर्मा जैसी बॉलीवुड हस्तियां भी कर चुकी हैं।